बायकॉट करते तो तगड़ा नुकसान होता : PCB चीफ बोले- हमने PM शाहबाज से सलाह ली, ब्रॉडकास्टर को हर्जाना कहां से देते
Published:
3 min read

पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) के चीफ मोहसिन नकवी। (फाइल)
स्पोर्ट्स डेस्क. पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) के चीफ मोहसिन नकवी ने आखिरकार साफ कर दिया है कि उन्होंने मंगलवार को UAE के खिलाफ मैच क्यों खेला। इसके पहले वो एशिया कप 2025 के बाकी मैचों से बायकॉट की धमकी दे चुके थे।
नकवी ने कहा- ये बात सही है कि ‘हैंडशेक कन्ट्रोवर्सी’ के बाद हम एशिया कप के बाकी मैचों का बायकॉट करने वाले थे। हमने कोई फैसला लेने से पहले प्रधानमंत्री शाहबाज शरीफ से बातचीत की। इसके साथ ही PCB के दो पूर्व चेयरमैन (रमीज राजा और नजम सेठी) से भी सलाह मश्विरा किया। इसके बाद ये तय किया कि पाकिस्तान टीम टूर्नामेंट में बनी रहेगी।
क्यों नहीं किया बायकॉट
नकवी ने कहा- टूर्नामेंट छोड़ने का फैसला आसान नहीं होता। इसकी कीमत चुकानी पड़ती है। हम हालात पर नजर रख रहे थे। हमने प्रधानमंत्री और बाकी लोगों से बातचीत करके उनकी राय जानी। इसके बाद UAE के खिलाफ मैदान पर उतरने का फैसला किया।
नकवी ने आगे कहा- एशिया कप में ड्रामा 14 सितंबर को शुरू हो गया था। हमने मैच रेफरी के रोल पर ऑब्जेक्शन किया था। इसके बाद टीम मीटिंग में कोच और कप्तान से लंबी बातचीत की। टीम इंडिया ने हाथ न मिलाकर गलती और क्रिकेट का अपमान किया।
राजनीति न करे भारत
नकवी ने आगे कहा- हम चाहते हैं कि खेल को खेल ही रहने दिया जाए। इस पर सियासत नहीं होनी चाहिए। अगर हम बायकॉट कर देते हैं तो बहुत बड़ा फाइनेंशियल लॉस होता। ब्राडकॉस्टर को भी हर्जना देना पड़ता। जाहिर है, आज की तारीख में हम ये दोनों ही काम नहीं कर सकते थे।
पाकिस्तान Vs UAE : ब्रीफ मैच समरी
पाकिस्तान टीम ने बुधवार (17 सितंबर) को हुए करो या मरो के मुकाबले में UAE को 41 रन से शिकस्त दी। इसके साथ ही एशिया कप 2025 के सुपर-4 राउंड में एंट्री कर ली। अब एक बार फिर भारतीय टीम और पाकिस्तान के बीच मुकाबला देखने को मिलेगा। यह मैच सुपर-4 राउंड के तहत रविवार (21 सितंबर) को दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा।
एक घंटे की देरी से शुरू हुए इस मैच में टॉस हारकर पहले बैटिंग करते हुए पाकिस्तान टीम ने 147 रन का टारगेट दिया। फखर जमां ने फिफ्टी लगाई। साइम अयूब लगातार तीसरे मैच में जीरो पर आउट हुए।फखर ने 36 बॉल पर सबसे ज्यादा 50 रन की पारी खेली। 9वें नंबर पर बैटिंग करने आए शाहीन अफरीदी ने 14 बॉल पर नाबाद 29 रन बनाए। इस दौरान 2 छक्के लगाए। कप्तान सलमान अली आगा ने 27 बॉल खेलकर सिर्फ 20 रन बनाए।
UAE की टीम 105 रन ही बना सकी
147 रन के टारगेट के जवाब में UAE की टीम 17.4 ओवर में 105 रन ही बना सकी और मैच गंवा दिया। टीम के लिए राहुल चोपड़ा ने सबसे ज्यादा 35 रनों की पारी खेली। उनके बाद ध्रुव पाराशर ने 20 रन बनाए।मैच में पाकिस्तान की गेंदबाजी थोड़ी देर में रंग लाई, लेकिन मैच जिता दिया। शाहीन अफरीदी, हारिस रऊफ और अबरार अहमद ने 2-2 विकेट लिए। सईम अयूब और सलमान अली ने 1-1 विकेट लिया।

