फॉरेन लीग में खेल सकेंगे पाकिस्तानी क्रिकेटर: PCB ने 14 खिलाड़ियों को NOC दी; लिस्ट में बाबर, रिजवान और शाहीन के नाम नहीं
Published:
3 min read

PCB ने 14 प्लेयर्स को विदेशी फ्रेंचाइजी लीग में खेलने की परमिशन दे दी है।
स्पोर्ट्स डेस्क. पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) ने 14 खिलाड़ियों को जुलाई-अगस्त में होने वाली ग्लोबल सुपर लीग (GSL) और कैरेबियन प्रीमियर लीग (CPL) में खेलने के लिए नो ऑब्जेक्शन सर्टिफिकेट (NOC) जारी कर दिया है। बाबर आजम, मोहम्मद रिजवान और शाहीन शाह अफरीदी को इस बार भी NOC नहीं मिली। PCB का कहना है कि तीनों सभी फॉर्मेट के अहम खिलाड़ी हैं। उनके वर्कलोड को ध्यान में रखते हुए उन्हें विदेशी लीग खेलने की परमिशन नहीं दी गई।
23 जुलाई से शुरू होगी ग्लोबल सुपर लीग
ग्लोबल सुपर लीग 23 जुलाई से 1अगस्त तक होगी। टूर्नामेंट के सभी मुकाबले गयाना के प्रोविडेंस स्टेडियम में खेले जाएंगे। इस बार लीग में कुल पांच टीमें हिस्सा लेंगी। इन टीमों में पाकिस्तान सुपर लीग (PSL) 11 की चैंपियन लाहौर कलंदर्स, ऑस्ट्रेलिया की पर्थ स्कॉर्चर्स, यूएई की डेजर्ट वाइपर्स, अमेरिका की सैन फ्रांसिस्को यूनिकॉर्न्स और कैरेबियन प्रीमियर लीग की गयाना अमेजन वॉरियर्स शामिल हैं।
लाहौर कलंदर्स अपने अभियान की शुरुआत 23 जुलाई को पर्थ स्कॉर्चर्स के खिलाफ करेगी। इसके बाद टीम 24 जुलाई को डेजर्ट वाइपर्स से भिड़ेगी। 26 जुलाई को गयाना अमेजन वॉरियर्स के खिलाफ मुकाबला होगा। लीग राउंड का आखिरी मैच 29 जुलाई को सैन फ्रांसिस्को यूनिकॉर्न्स के खिलाफ खेला जाएगा।

लाहौर कलंदर्स के लिए खेलेंगे ये तीन खिलाड़ी
PCB की ओर से NOC पाने वाले खिलाड़ियों में अब्दुल्ला शफीक, मोहम्मद नईम और मोहम्मद फारूक लाहौर कलंदर्स की ओर से खेलते नजर आएंगे। हालांकि बाकी खिलाड़ियों की किस टीम में एंट्री होगी, इसकी ऑफिशियल अनाउंसमेंट अभी नहीं की गई है। PCB और फ्रेंचाइजी टीमों की ओर से इसका ऐलान बाद में किया जाएगा।
सदाकत को CPL खेलने की मंजूरी
युवा खिलाड़ी माज सदाकत को भी PCB ने CPL में खेलने के लिए NOC जारी की है। CPL 7 अगस्त से 20 सितंबर तक वेस्टइंडीज में होगा।

CPL में पहली बार 7 टीम
इस बार कैरेबियन प्रीमियर लीग पहले से ज्यादा बड़ी होने जा रही है। पहली बार टूर्नामेंट में सात टीमें हिस्सा लेंगी। इनमें एंटीगा एंड बारबुडा फाल्कंस, बारबाडोस रॉयल्स, जमैका किंग्समेन, गयाना अमेजन वॉरियर्स, सेंट लूसिया किंग्स, सेंट किट्स एंड नेविस पैट्रियट्स और मौजूदा चैंपियन त्रिनबागो नाइट राइडर्स शामिल हैं।
PCB का मानना है कि विदेशी लीग में खेलने से खिलाड़ियों को अलग-अलग कांडिशन में खेलने का एक्सपीरियंस मिलेगा। इससे उनकी स्किल और हौसला दोनों बढ़ेंगे, जिसका फायदा आगे चलकर पाकिस्तान की नेशनल टीम को भी मिल सकता है।

PCB से NOC पाने वाले 14 पाकिस्तानी प्लेयर्स की लिस्ट
- मोहम्मद हारिस
- शाहब खान
- मोहम्मद नईम
- अब्दुल्ला शफीक
- फरहान यूसुफ
- शमील हुसैन
- मेहरान मुमताज
- उस्मान खान
- अली शब्बीर
- मोहम्मद फारूक
- मोहम्मद इमरान
- मोहम्मद बासित
- खलील अहमद
- माज सदाकत

