पंजाब किंग्स शुरुआती 7 मैच में अजेय: फिर लगातार 6 हार; टीम कैसे प्लेऑफ से बाहर होने की कगार पर पहुंची, जानिए 5 वजह
Published:
4 min read

स्पोर्ट्स डेस्क. इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 सीजन में शानदार शुरुआत करने वाली पंजाब किंग्स (PBKS) टीम अब स्ट्रगल करती दिख रही है। यह टीम शुरुआती 7 मैचों में अजेय रही थी। तब लग रहा था कि प्लेऑफ में पहुंचने वाली पहली टीम पंजाब ही बनेगी, लेकिन मामला पूरा अलग ही रहा। इसके बाद पंजाब टीम को लगातार 6 मैच में हार मिली। अब पंजाब का प्लेऑफ में पहुंचना बेहद मुश्किल है।
पंजाब किंग्स के लिए अब डू आर डाई का मामला हो गया है। यह टीम अभी 13 अंक के साथ पॉइंट्स टेबल में चौथे नंबर पर है। पंजाब ने 13 में से 6 मैच जीते और 6 हारे हैं। एक बेनतीजा रहा था। अब अपना आखिरी मैच हर हाल में जीतना होगा, उसके बाद भी प्लेऑफ की गारंटी नहीं रहेगी। बाकी टीमों के हार जीत पर डिपेंड रहना होगा। आइए जानते हैं शुरुआती 7 मैच में अजेय रहने के बाद कैसे टीम स्ट्रगल करती दिखी…

ओपनिंग जोड़ी फ्लॉप
ओपनर प्रभसिमरन सिंह और प्रियांश आर्य ने शुरुआती 6 मैचों में 53.8 के एवरेज से 323 रन बनाए थे। यह शुरुआती 6 मैच पंजाब ने ही जीते थे। हालांकि इसके बाद जब पंजाब टीम लगातार 5 मैच हारी तो उसमें इस ओपनिंग जोड़ी ने 34.2 के एवरेज से 171 रन बनाए। इस दौरान गुजरात के खिलाफ 2 रन पर 2 विकेट और हैदराबाद टीम के खिलाफ 4 रन पर 2 विकेट गंवाए थे।

बॉलर्स का खराब प्रदर्शन
PBKS के दो विकेटटेकर पेसर अर्शदीप सिंह और स्पिनर युजवेंद्र चहल भी अच्छा प्रदर्शन नहीं कर सके। अर्शदीप ने पिछले 5 मैचों में 6 विकेट ही लिए हैं। टीम यह मैच हारी है। चहल ने पिछले 5 मैच की 4 पारियों में सिर्फ 3 विकेट लिए।
साउथ अफ्रीकी ऑलराउंडर मार्को यानसेन के खराब प्रदर्शन का टीम पर ज्यादा असर दिखा। यानसेन ने पिछले 5 मैच में 2 विकेट लिए। बैटिंग में भी 41 रन बनाए।
कैच ड्रॉप
पंजाब टीम की बड़ी समस्या कैच ड्रॉप भी रही है। हैदराबाद के खिलाफ शशांक सिंह ने हेनरिक क्लासेन और कूपर कोनोली ने ईशान किशन का कैच छोड़ा था। तब हेनरिक 9 और ईशान 18 रन पर थे। जीवनदान के बाद हेनरिक ने 69 और ईशान ने 32 बॉल पर 55 रन बनाए थे। तब हैदराबाद ने 4 विकेट पर 235 का स्कोर बनाया था।
पंजाब ने 7 विकेट पर 202 रन बना दिए थे। यदि यह दोनों कैच ले लिए जाते तो हैदराबाद का बड़ा स्कोर नहीं बनता और पंजाब मैच जीतती तो कहानी कुछ और ही होती। यह मैच हारने के बाद टीम के हेड कोच रिकी पोंटिंग ने कहा था- यह (कैच ड्रॉप) हमारे लिए वायरस जैसा हो गया है। हमने इस सीज़न में कई कैच छोड़े हैं।

मिडिल ऑर्डर का स्ट्रगल
IPL में ज्यादातर वही टीमें सफल हो पाती हैं, जिनका मिडिल-ऑर्डर मजबूत होता है। टीम के पास बेस्ट फिनिशर होना चाहिए, लेकिन पंजाब के पास इस सीजन में इसकी कमी खली है। नेहल वढेरा फ्लॉप रहे हैं। उन्होंने 8 मैच में सिर्फ 65 रन बनाए।
दूसरे शशांक सिंह भी स्ट्रगल करते दिखे हैं। शुरुआती मैचों में शशांक ने नाबाद 14, नाबाद 16, 17 और नाबाद 19 रन बनाकर टीम को जीत दिलाई थी। इसके बाद जब लगातार हार का सिलसिला शुरू हुआ तो इन मैचों में शशांक के स्कोर 4, 0 और 2 रन ही रहे।

टीम धर्मशाला के मैदान को समझ नहीं पा रही
पंजाब टीम ने इस बार अपना एक घरेलू मैदान धर्मशाला के हिमाचल प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन स्टेडियम को चुना है। यहां टीम की परफॉर्मेंस हमेशा ही खराब रही है। इस मैदान पर पंजाब टीम ने अब तक 17 मैच खेले, जिसमें से सिर्फ 6 जीते और 11 हारे हैं।
2023 के बाद से इस मैदान पर पंजाब टीम ने 8 मैच खेले, जिसमें से सिर्फ 1 जीता और 7 हारे हैं। मौजूदा सीजन में पंजाब टीम ने यहां अब तक 3 मैच खेले, जिसमें से एक भी नहीं जीता।
पंजाब टीम का दूसरा होमग्राउंड न्यू चंडीगढ़ का महाराजा यादवेंद्र सिंह इंटरनेशनल स्टेडियम था। टीम ने इस सीजन में यहां 4 मैच खेले, जिसमें से 3 जीते और एक हारा था।
धर्मशाला में पंजाब का रिकॉर्ड
ओवरऑल: 17 मैच, 6 जीते, 11 हारे
2023 से अब तक: 8 मैच, 1 जीता, 7 हारे

