कमिंस और हेड को 116 करोड़ का ऑफर: शर्त- ऑस्ट्रेलिया टीम छोड़कर पूरे साल लीग क्रिकेट खेलेंगे; IPL फ्रेंचाइजी का ऑफर दोनों ने ठुकराया
Published:
2 min read

पैट कमिंस और ट्रेविस हेड दोनों ही IPL में सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) टीम के लिए खेलते हैं। (@BCCI)
स्पोर्ट्स डेस्क. इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) की एक फ्रेंचाइजी ने ऑस्ट्रेलियाई टीम के कप्तान पैट कमिंस और उपकप्तान ट्रेविस हेड को 116 करोड़ रुपये का बड़ा ऑफर दिया। इसमें भी खास बात यह है कि तेज गेंदबाज कमिंस और ओपनर हेड ने यह ऑफर ठुकरा कर अपने देशवासियों का दिल जीत लिया।
कमिंस और हेड के यह ऑफर ठुकराने की एक बड़ी वजह फ्रेंचाइजी की खास शर्त है। यह दावा सिडनी मॉर्निंग हेराल्ड की रिपोर्ट में किया गया है।
58 करोड़ का ऑफर ठुकराया
दरअसल, रिपोर्ट में बताया गया है कि फ्रेंचाइजी ने कमिंस और हेड दोनों को हर साल 10-10 मिलियन ऑस्ट्रेलियन डॉलर (करीब 58-58 करोड़ रुपये) देने का ऑफर दिया है। इसके लिए IPL फ्रेंचाइजी ने एक शर्त भी रखी है, जो कमिंस और हेड दोनों को पसंद नहीं आई।
शर्त यह है कि कमिंस और हेड दोनों को ऑस्ट्रेलिया टीम छोड़नी होगी। साथ ही पूरे साल फ्रेंचाइजी के लिए लीग क्रिकेट ही खेलना होगा। ऐसे में कमिंस और हेड ने यह ऑफर ठुकरा दिया। उन्होंने अपने देश के लिए खेलने को प्रायोरिटी दी। ऐसे में कमिंस और हेड दोनों ने ऑस्ट्रेलियाई फैन्स का दिल जीत लिया।
IPL में हैदराबाद टीम से खेलते हैं दोनों प्लेयर
कमिंस और हेड दोनों ही IPL में सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) टीम के लिए खेलते हैं। इसके लिए हैदराबाद टीम कमिंस को एक सीजन के 18 करोड़ और हेड को 14 करोड़ रुपये देती है।
कमिंस और हेड दोनों से पहले एक और भी क्रिकेटर ऐसा ही बड़ा ऑफर ठुकरा चुका है। यह इंग्लैंड के तेज गेंदबाज जोफ्रा आर्चर थे, जिन्हें 2 साल पहले IPL फ्रेंचाइजी मुंबई इंडियंस (MI) ने 7.5 मिलियन डॉलर (आज करीब 67 करोड़ रुपये) का ऑफर दिया था।
ऑस्ट्रेलिया टीम से कितनी कमाई होती है?
रिपोर्ट्स के मुताबिक, ऑस्ट्रेलिया के टॉप प्लेयर्स नेशनल टीम से एक साल में करोड़ों की कमाई करते हैं। एक टॉप प्लेयर 1.3 मिलियन ऑस्ट्रेलियाई डॉलर (करीब 8 करोड़ रुपये) कमाता है। बतौर कप्तान कमिंस एक साल में 3 मिलियन ऑस्ट्रेलियाई डॉलर (करीब 16 करोड़ रुपये) कमा लेते हैं।

