कोहली-रोहित की कमबैक सीरीज में नहीं होंगे कमिंस: लोअर-बैक इंजरी के चलते टीम से बाहर; एशेज में वापसी की उम्मीद
Published:
2 min read

ऑस्ट्रेलियाई पेसर पैट कमिंस ने तीनों फॉर्मेंट (वनडे, टेस्ट और टी20) में 500 से ज्यादा विकेट लिए हैं। (फाइल)
स्पोर्ट्स डेस्क. ऑस्ट्रेलिया के ODI कप्तान पैट कमिंस चोट के कारण न्यूजीलैंड और भारत के खिलाफ होने वाली सीरीज का हिस्सा नहीं रहेंगे। क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया (CA) ने आज (मंगलवार) को इस बारे में जानकारी दी है। इसका मतलब है कि विराट कोहली और रोहित शर्मा के टीम में कमबैक के समय कमिंस मौजूद नहीं रहेंगे।
CA ने आने वाली एशेज सीरीज को ध्यान में रखते हुए यह फैसला लिया है। कमिंस ने आखिरी बार वेस्टइंडीज के खिलाफ टेस्ट मैच खेला था। इसके बाद उनकी पीठ में दर्द महसूस हुआ। मेडिकल चेकअप के दौरान पता चला कि पीठ में लंबर बोन स्ट्रेस है।
बॉलिंग लाइन-अप पर असर
कमिंस पिछले कुछ साल से ऑस्ट्रेलिया के सबसे कंसिस्टेंट प्लेयर रहे हैं। कप्तानी संभालने के बाद उन्होंने केवल दो ही टेस्ट मैच मिस किए। लिहाजा, उनके चोट के कारण टीम को झटका लगा है। कमिंस की गैरमौजूदगी में स्कॉट बोलैंड को टीम में मौका मिल सकता है। ऑस्ट्रेलिया के पास जोश हेजलवुड और मिशेल स्टार्क की मजबूत गेंदबाजी है, लेकिन कमिंस की गैरमौजूदगी उसकी बॉलिंग लाइन-अप के लिए एक बड़ा नुकसान हो सकता है।
एशेज से पहले फिट हो सकते हैं कमिंस
क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने कहा - कमिंस अपनी रिहैबिलिटेशन सेशन को कंटिन्यू रखेंगे और एशेज की तैयारी के साथ टीम में शानदार वापसी करेंगे। हालांकि, उनकी चोट को स्ट्रेस फ्रैक्चर नहीं बताया गया है, लेकिन मेडिकल स्टाफ यह तय करेंगे कि उनकी पीठ एशेज सीरीज झेल पाएगी या नहीं।
यह पांच टेस्ट मैचों की सीरीज 7 हफ्ते तक चलेगी। कमिंस इंटरनेशनल करियर के शुरुआती 6 साल में स्ट्रेस फ्रैक्चर से जूझते रहे थे। कप्तान कमिंस को पूरी तरह ठीक होने में समय लगेगा।
इंडिया Vs ऑस्ट्रेलिया सीरीज 2025
भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच अक्टूबर में 5 टी20 और 3 ODI मैचों की सीरीज खेली जाने वाली है। इस सीरीज का पहला वनडे 19 अक्टूबर से खेला जाएगा। दूसरा मैच 23 और तीसरा 25 अक्टूबर को होगा। वहीं, टी20 सीरीज 29 अक्टूबर से होगी।
टेस्ट और T20I से संन्यास ले चुके कोहली और रोहित सिर्फ वनडे खेल रहे हैं। उन्होंने आखिरी वनडे इसी साल चैम्पियंस ट्रॉफी में खेला था। अब वे ऑस्ट्रेलिया सीरीज से टीम में वापसी करने वाले हैं। हालांकि इस सीरीज में कमिंस नहीं होंगे।

