IPL छोड़ने के लिए कमिंस को ऑफर: रिपोर्ट- क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया तीन साल के लिए 82 करोड़ रुपए देगा, कमिंस की हां बाकी
Published: Updated:
2 min read

पैट कमिंस ने अब तक IPL में तीन टीमों के लिए 76 मैच खेले हैं। इसमें 83 विकेट लिए। साथ ही 51 पारियों में 622 रन बनाए। (फोटो- सोशल मीडिया)
स्पोर्ट्स डेस्क. इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 सीजन के बीच ऑस्ट्रेलियाई टेस्ट टीम के कप्तान पैट कमिंस को एक बड़ा ऑफर मिला है। यह उनके ही बोर्ड क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया (CA) ने दिया है। ऑफर के मुताबिक, यदि पैट कमिंस IPL समेत कोई भी लीग ना खेलें और 3 साल तक सिर्फ नेशनल ड्यूटी पर फोकस करें तो बोर्ड उन्हें 3 साल के लिए 12 मिलियन ऑस्ट्रेलियाई डॉलर (करीब 82 करोड़ भारतीय रुपए) देगा।
ऑफर से कमिंस की कमाई बढ़ेगी
सिडनी मॉर्निंग हेराल्ड ने अपनी रिपोर्ट में दावा किया है। हालांकि इस मामले में अभी 33 साल के कमिंस ने कोई बयान दिया है। अभी इस तेज गेंदबाज की हां बाकी है। यदि वे हां करते हैं तो उन्हें हर साल 4 मिलियन ऑस्ट्रेलियन डॉलर मिलेंगे।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, ट्रेविस हेड को भी ऐसा ही एक ऑफर दिया गया है। फिलहाल, पैट कमिंस ऑस्ट्रेलिया में सबसे ज्यादा कमाई करने वाले 15वें एथलीट हैं। वे हर साल 60 से 70 करोड़ (भारतीय रुपए में) की कमाई करते हैं। यदि कमिंस इस ऑफर को एक्सेप्ट करते हैं तो उनकी सालाना कमाई करीब 7 करोड़ रुपए बढ़ जाएगी।

कमिंस सिर्फ तीन ही लीग खेलते हैं
कमिंस इस समय IPL में सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) टीम की कप्तानी संभाल रहे हैं। यहां एक सीजन की फीस उनकी 18 करोड़ रुपए है। इसके अलावा कमिंस मेजर लीग क्रिकेट (MLC) और बिग बैश लीग (BBL) में ही खेलते हैं।
कमिंस ने अब तक IPL में तीन टीमों के लिए 76 मैच खेले हैं। इसमें 83 विकेट लिए। साथ ही 51 पारियों में 622 रन बनाए। कमिंस ने BBL में अब तक 16 और MLC में 6 ही मैच खेले हैं।

