पाकिस्तान सीरीज के लिए IPL नहीं छोड़ेंगे कमिंस: हेजलवुल-स्टार्क समेत ऑस्ट्रेलियन IPL के सभी मैच खेलेंगे, सीरीज और लीग में क्लेश
Published: Updated:
2 min read

स्पोर्ट्स डेस्क. भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) और इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) से टक्कर लेना पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) को भारी पड़ रहा है। पहले उसने IPL के साथ ही अपनी पाकिस्तान सुपर लीग (PSL) शुरू कर दी थी, लेकिन इसे ज्यादा फुटेज नहीं मिली। अब PSL खत्म होते ही उसने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ घरेलू ODI सीरीज का शेड्यूल जारी कर IPL के साथ फिर क्लेश कर दिया।
दरअसल, सीरीज का पहला वनडे उसी दिन होगा, जिस दिन IPL का फाइनल होना है। पहले माना जा रहा था कि ऑस्ट्रेलिया के बड़े खिलाड़ी सीरीज के लिए IPL को छोड़ सकते हैं, लेकिन अब पाकिस्तान क्रिकेट की किरकिरी होती दिख रही है।
IPL कमिटमेंट को पूरा करेंगे प्लेयर
क्रिकबज के मुताबिक, ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट बोर्ड (CA) ने साफ कर दिया है कि उनके खिलाड़ी पाकिस्तान सीरीज के लिए IPL नहीं छोड़ेंगे। CA के प्रवक्ता ने कहा कि बोर्ड ने सभी खिलाड़ियों से साफ कह दिया है कि वे IPL में अपने कमिटमेंट को पूरा करें। सीरीज के लिए लीग को छोड़ने की जरूरत नहीं है।
इसके अलावा रिपोर्ट्स में IPL टीम पंजाब किंग्स और सनराइजर्स हैदराबाद का भी बयान दिया गया है। दोनों टीमें इस समय पॉइंट्स टेबल में टॉप-2 में हैं। दोनों फ्रेंचाइजी ने कहा कि ऑस्ट्रेलिया या किसी और देश का कोई भी प्लेयर बीच में नहीं जाएगा। सभी ने फाइनल तक खेलने की बात कही है।
सीरीज का शेड्यूल
IPL 2026 सीजन का फाइनल 31 मई को होना है। उसी दिन ऑस्ट्रेलिया और पाकिस्तान के बीच सीरीज का पहला वनडे भी खेला जाएगा। दूसरा वनडे 2 जून और तीसरा मैच 4 जून को होना है।
इन टीमों को नुकसान होता
यदि ऑस्ट्रेलियाई प्लेयर लौटते तो सबसे ज्यादा असर पंजाब किंग्स (PBKS), दिल्ली कैपिटल्स (DC), सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) जैसी टीमों पर पड़ सकता था। इन टीमों मिचेल स्टार्क, पैट कमिंस, ट्रेविस हेड, कूपर कोनोली, बेन ड्वारशुइस, मार्कस स्टोइनिस, मिचेल ओवेन, जेवियर बार्टलेट और जोश हेजलवुड जैसे स्टार प्लेयर खेल रहे हैं।
यदि इन प्लेयर्स में से किसी की भी टीम IPL फाइनल में पहुंचती है और वे नेशनल ड्यूटी के लिए चले जाते तो IPL फ्रेंचाइजीज को नुकसान होता। सबसे ज्यादा असर पंजाब टीम में देखने को मिल सकता है। इसके 5 प्लेयर ऑस्ट्रेलिया से हैं। हालांकि अब क्लियर हो गया है कि सभी प्लेयर IPL फाइनल तक खेलेंगे।

