पाकिस्तानी स्पिनर अबरार अहमद ने शादी रचाई: दुल्हन लेकर घर पहुंचे, ग्रीन शेरवानी में दोस्तों संग नजर आए; एशिया कप में खूब ट्रोल हुए थे
Published:
2 min read

पाकिस्तानी स्पिनर अबरार अहमद शादी के जश्न में दोस्तों संग बैंक्वेट हॉल में नजर आए। (फाइल)
स्पोर्ट्स डेस्क. एशिया कप 2025 में ट्रोल हुए पाकिस्तान के स्पिनर अबरार अहमद ने शादी कर ली है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, अबरार ने निकाह की सारी रस्में पहले ही पूरी कर ली थीं। शनिवार की शाम वह दुल्हन लेकर घर पहुंचे। वलीमा की दावत सोमवार को होगी।।
शादी के वीडियो सामने आए
सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में अबरार अपने दोस्तों के साथ शादी के बैंक्वेट हॉल में नजर आए। अबरार की शादी की रस्में शुक्रवार को मेहंदी के फंक्शन के साथ ही शुरू हो गई थीं। इसके वीडियो, फोटो सोशल मीडिया पर शेयर हुए, जिसमें वह हरे रंग के कुर्ते में नजर आए।
एशिया कप में ट्रोल हुए अबरार
एशिया कप के दौरान अबरार विकेट लेने के बाद आंख मटकाने और गर्दन हिलाने वाले इशारे के लिए काफी ट्रोल हुए और उनका खूब मजाक उड़ाया गया। सबसे पहले सुपर 4 के मुकाबले में श्रीलंका के खिलाफ हुए मुकाबले में अबरार ने वानिंदु हसरंगा की स्टाइल कॉपी की। जवाब में हसरंगा ने पाकिस्तान के तीन विकेट लेकर वही इशारा किया, जो अबरार करते हैं। इसके बाद दोनों की हरकतें सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर वायरल हुई थी।
फाइनल मुकाबले में भी अबरार ने संजू सैमसन को आउट करने के बाद गर्दन मटकाने वाले इशारे किए थे। जीत के बाद अर्शदीप सिंह, हर्षित राणा और जितेश शर्मा ने अबरार की नकल करते हुए वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर कर दिया।
93 विकेट ले चुके हैं अबरार
अबरार ने 2022 में पाकिस्तान के लिए इंटरनेशनल डेब्यू किया था। तब से लेकर अब तक वे 10 टेस्ट, 11 वनडे और 23 टी20 खेले हैं। तीनों फॉर्मेट में मिलाकर उन्होंने 93 विकेट हासिल किए हैं। उनके नाम टेस्ट में 2 बार 5 विकेट हॉल भी शामिल है। एशिया कप में अबरार ने 6 मैच में 6 विकेट लिए थे।वह साउथ अफ्रीका के खिलाफ 12 अक्टूबर से होने वाली घरेलू सीरीज का भी हिस्सा हैं।

