12 दिसंबर को BBL का ओपनिंग मैच भारत में: पाकिस्तानी खिलाड़ी भी मेलबर्न टीम में, दूसरी बार भारत आ सकते हैं रिजवान
Published:
2 min read

स्पोर्ट्स डेस्क. ऑस्ट्रेलिया की बिग बैश लीग (BBL) के अगले सीजन का ओपनिंग मैच भारत में खेला जाएगा। यह मुकाबला मेलबर्न रेनेगेड्स और डिफेंडिंग चैम्पियन पर्थ स्कॉर्चर्स के बीच होगा। यह मैच 12 दिसंबर को चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम में खेला जाएगा। इसमें देखने वाली बात यह होगी कि मेलबर्न टीम में पाकिस्तान टीम के विकेटकीपर बैटर मोहम्मद रिजवान भी खेलते हैं।
साथ ही इस टीम में पाकिस्तानी मूल के अमेरिकी क्रिकेटर हसन खान भी हैं। ऐसे में इन दोनों प्लेयर्स का भी भारत आना पक्का ही लग रहा है।
रिजवान एक ही सीजन खेले
रिजवान अब तक बिग बैश लीग का एक ही सीजन (2025/26) खेले हैं। इसमें उन्होंने मेलबर्न टीम के लिए 10 मैच खेले, जिसमें 187 रन बनाए। इस दौरान उनका एवरेज 18.70 का रहा। रिजवान का बेस्ट स्कोर 41 रन रहा। अगले सीजन के लिए भी रिजवान टीम में बरकरार हैं। ऐसे में उनका भारत आना लगभग तय है।
पाकिस्तानी मूल के हसन खान
इस मेलबर्न टीम में पाकिस्तानी मूल के हसन खान भी हैं। उनके पास USA की नागरिकता है और वहीं घरेलू क्रिकेट भी खेलते हैं। स्पिन ऑलराउंडर हसन ने अब तक इंटरनेशनल क्रिकेट में डेब्यू नहीं किया है। इस प्लेयर ने पाकिस्तान के लिए अंडर-19 क्रिकेट भी खेला है।
27 साल के हसन ने पाकिस्तान सुपर लीग (PSL) में 3 टीम के लिए अब तक 41 मैच खेले हैं। इसके अलावा यह प्लेयर अमेरिकी मेजर क्रिकेट लीग, बिग बैश लीग और कैरेबियन प्रीमियर लीग भी खेल चुका है। हसन ने BBL में दो सीजन ही खेले हैं। इस दौरान 11 मैच में 6 विकेट लिए और 179 रन बनाए।

रिजवान 2023 में भारत आए थे
34 साल के रिजवान इससे पहले एक ही बार 2023 में भारत दौरे पर आए थे। तब ODI वर्ल्ड कप खेलने आए थे। तब रिजवान ने चेन्नई में दो वनडे खेले थे। अफगानिस्तान के खिलाफ 8 और साउथ अफ्रीका के खिलाफ 31 रन बनाए थे। इस दौरे पर रिजवान ने कुल 9 वनडे खेले, जिसमें 395 रन बनाए थे। इसमें एक सेंचुरी (131*) भी शामिल रही।
मेलबर्न रेनेगेड्स का स्क्वॉड
विल सदरलैंड (कप्तान), जोश ब्राउन, हैरी डिक्सन, जेक फ्रेजर-मैकगर्क, कालेब ज्वेल, ओलिवर पीक, हसन खान, मोहम्मद रिजवान (विकेटकीपर), टिम सीफर्ट (विकेटकीपर), जेसन बेहरेनडॉर्फ, ब्रेंडन डॉगेट, नाथन लियोन, फर्गस ओ'नील, टॉम रोजर्स और एडम जैम्पा।

