पाकिस्तानी क्रिकेटर इमाद का तलाक: 5 महीने के बच्चे को गोद में भी नहीं लिया, पत्नी बोली- दूसरी महिला ने घर तोड़ा
Published: Updated:
2 min read

स्पिन ऑलराउंडर इमाद वसीम ने पाकिस्तान टीम के लिए 55 वनडे और 75 टी20 इंटरनेशनल मैच खेले हैं।
स्पोर्ट्स डेस्क. पाकिस्तानी क्रिकेटर इमाद वसीम और पत्नी सानिया अशफाक के तलाक की खबरें सुर्खियों में हैं। उनकी शादी 2019 में हुई थी, जो 6 साल ही चल सकी। इमाद-सानिया के 3 बच्चे हैं। दोनों ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए इसकी जानकारी दी है। सानिया ने कहा कि उनका एक 5 महीने का बच्चा है, जिसे इमाद ने अब तक गोद में भी नहीं लिया।
इसके अलावा सानिया ने लंबी और भावुक पोस्ट शेयर की। इसमें कहा कि दूसरी महिला के चक्कर में यह सबकुछ हुआ है। उसी ने मेरा घर तोड़ा और तीन बच्चों से पिता छीन लिया।
थर्ड पार्टी की एंट्री से मेरा घर टूट गया
सानिया ने लिखा- बहुत गहरे दर्द के साथ लिख रही हूं कि मेरा घर टूट गया है। मेरे बच्चों को पिता से दूर कर दिया गया। मैं 3 बच्चों की मां हूं। इनमें एक 5 महीने का बच्चा है, जिसे अब तक उसके पिता ने गोद में भी नहीं लिया है। मेरी चुप्पी को कमजोरी ना समझा जाए, इसी कारण यह स्टोरी शेयर कर रही हूं।
उन्होंने लिखा- मैं पत्नी और मां के तौर पर पूरी तरह समर्पित रही। मैंने फैमिली को टूटने से बचाने की कोशिश की, लेकिन थर्ड पार्टी की एंट्री से मेरा घर टूट गया। उसका (दूसरी महिला) इरादा मेरे पति से शादी करना था। मुझे इमोशनली टॉर्चर और अबॉर्शन समेत कई दुख झेलने पड़े। मैं असहाय थी, लेकिन बच्चों और फैमिली के लिए चुप रही।
लगातार धमकियां मिल रही हैं
सानिया ने कहा- तलाक की प्रक्रिया कानूनी रूप से विवादित है। इस पर अभी जांच चल रही है। सच्चाई सामने आएगी। मेरे पास कई सबूत हैं, लेकिन उन्हें शेयर नहीं करने के लिए लगातार धमकियां मिल रही हैं। उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई करूंगी। मैं यह बात बदले के लिए नहीं बल्कि अपने, बच्चों और हर उस महिला के लिए कह रही हूं, जिसे चुप रहने को कहा गया।
37 साल के स्पिन ऑलराउंडर इमाद ने पाकिस्तान टीम के लिए 55 वनडे और 75 टी20 इंटरनेशनल मैच खेले हैं। उन्होंने वनडे में 986 और टी20 में 554 रन बनाए। जबकि ODI में 44 और टी20 में 73 विकेट लिए।

