पाकिस्तानी एस्ट्रोलॉजर की टीम को सलाह: बाबर-रिजवान को टीम में रखो, कप्तान आगा- फहीम अशरफ को बाहर करो; पूर्व क्रिकेटर भी सहमत
Published:
4 min read

पाकिस्तान के पूर्व कप्तान और प्रधानमंत्री इमरान खान के साथ आगा भिशती।(फोटो क्रेडिट:सोशल मीडिया)
स्पोर्ट्स डेस्क. एशिया कप 2025 में भारत के हाथों 7 विकेट से हार के बाद पाकिस्तान टीम को हर तरफ से लानत मलानत झेलनी पड़ रही है। पाकिस्तान के कुछ न्यूज टीवी चैनल तो भारत के हाथों का लगातार हार का सिलसिला तोड़ने के लिए टीम मैनेजमेंट को कुछ अलग ही लेवल की एडवाइज ऑफर कर रहे हैं।
एक टीवी चैनल ने एस्ट्रोलॉजर यानी भविष्यवाणी करने वाले ज्योतिष की सलाह दे दी। मजे की बात ये है कि इस सलाह को कुछ कम तो कुछ ज्यादा, लेकिन वहां के पूर्व क्रिकेटर्स ने भी मंजूरी दे दी।
पहले सलाह जान लीजिए
पाकिस्तान के एक मशहूर एस्ट्रोलॉजर हैं। इन मोहतरम का नाम है आगा भिशती। पाकिस्तान के कई मशहूर सेलेब्रिटीन भिशती के रेग्युलर क्लाइंट हैं। इनमें प्रेसिडेंट आसिफ अली जरदारी और उनकी फैमिली के अलावा पूर्व क्रिकेट कप्तान इंजमाम उल हक भी शामिल हैं।
रविवार को पाकिस्तान के नामी न्यूज चैनल ARY न्यूज ने टीम की हार के बाद एक पोस्ट मैच स्पेशल शो ऑर्गनाइज किया। इसमें भिशती को इनवाइट किया गया। भिशती ने कहा- मेरी राय में पाकिस्तान को अगर भारत के हाथों हार के सिलसिले को अगर रोकना है तो उसे बाबर आजम और मोहम्मद रिजवान को टीम में जगह देनी चाहिए। ये एस्ट्रोलॉजी और क्रिकेटिंग स्किल डिमांड दोनों के लिहाज से बहुत अहम है।
पूर्व क्रिकेटर भी सहमत
भिशती की इस राय से शो में मौजूद मोहम्मद इफ्तिखार और अकरम रजा जैसे पूर्व क्रिकेटर भी सहमत दिखे। हालांकि, उनका नजरिया क्रिकेट से ज्यादा ताल्लुक रखता था। भिशती ने कहा- सितारे कहते हैं कि वर्तमान टी20 टीम के कप्तान सलमान अली आगा और ऑलराउंडर फहीम अशरफ की टीम में जगह नहीं बनती। इनके टीम में रहते हम कभी और किसी फॉर्मेट में टीम इंडिया को नहीं हरा सकेंगे। वक्त कम है और अगर आपको क्रिकेट बॉडी से परमिशन मिलती है तो ग्रुप फोर और फाइनल से पहले बाबर-रिजवान को टीम में शामिल करना चाहिए।
भिशती ने कहा- बाबर और रिजवान के बिना पाकिस्तान टीम बिल्कुल अधूरी है। मैं भविष्य को भी देख रहा हूं और क्रिकेट को भी समझता हूं। इन दोनों के पास कंसिस्टेंसी है। इसके हमें हर लिहाज से जरूरत है। आखिर 4 हजार टी20 रन बनाने के बाद भी किसी प्लेयर को टीम से कैसे निकाला जा सकता है। मैं बाबर की बात कर रहा हूं।
और एक नया ड्रामा
एशिया कप 2025 के ग्रुप स्टेज मैच में रविवार रात भारत ने पाकिस्तान को 7 विकेट से हरा दिया। टॉस और इसके बाद मैच खत्म होने पर भारतीय खिलाड़ियों और ऑफिशियल्स ने पाकिस्तान के प्लेयर्स से हाथ नहीं मिलाए। इतना ही नहीं, मैच के बाद टीम इंडिया के प्लेयर्स जब ड्रेसिंग रूम लौटे तो उन्होंने इसके गेट बंद कर दिए, इसका मकसद था कि पाकिस्तान के प्लेयर्स से उन्हें हैंडशेक न करना पड़े।
अब पाकिस्तान की टीम की तरफ से इस बारे में ऑफिशियल कम्प्लेन दर्ज कराई गई है। इसमें कहा गया है कि भारतीय टीम का यह कदम स्पोर्ट्स मैन स्पिरिट यानी खेल भावना के खिलाफ है।
मैच रेफरी का रोल
पाकिस्तान टीम के मैनेजर नवीद अकरम चीमा मैच के बाद प्लेयर्स को लेकर मैच रेफरी एंडी पायक्रॉफ्ट के पास पहुंचे। उन्होंने लिखित शिकायत दी। कहा- टीम इंडिया ने हमारे प्लेयर्स से हाथ मिलाने से इनकार कर दिया। यह खेल भावना के खिलाफ है।
‘हिंदुस्तान टाइम्स’ की रिपोर्ट में पाकिस्तान की तरफ से दर्ज शिकायत की पुष्टि की गई है। पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड की तरफ से इस बारे में एक स्टेटमेंट भी जारी किया गया है। इसमें कहा गया है कि मैच रेफरी ने टॉस के पहले ही पाकिस्तान के कप्तान सलमान अली आगा को बता दिया था कि वो सूर्यकुमार यादव से हाथ मिलाने की कोशिश नहीं करेंगे।

