शाहीन की कप्तानी में पाकिस्तान टीम ने इतिहास रचा: अपने घर में साउथ अफ्रीका से पहली ODI सीरीज जीती, डिकॉक प्लेयर ऑफ द सीरीज
Published: Updated:
2 min read

स्पोर्ट्स डेस्क. तेज गेंदबाज शाहीन शाह अफरीदी की कप्तानी में पाकिस्तान टीम ने इतिहास रच दिया है। उसने अपने ही घर में पहली बार साउथ अफ्रीका से कोई ODI सीरीज जीती है। दोनों टीमों के बीच 3 वनडे की सीरीज खेली गई। इसका तीसरा मैच शनिवार (8 नवंबर) को फैसलाबाद में खेला गया।
यह मैच पाकिस्तान ने 25.1 ओवर में 7 विकेट से जीत लिया। अफ्रीकी विकेटकीपर बैटर क्विंटन डिकॉक को प्लेयर ऑफ द सीरीज चुना गया। उन्होंने सीरीज में 3 मैचों में सबसे ज्यादा 239 रन बनाए।
डिकॉक ने फिफ्टी लगाई
तीसरे वनडे में टॉस जीतकर पहले बैटिंग करते हुए साउथ अफ्रीकी टीम 37.5 ओवर में 143 रन पर सिमट गई थी। डिकॉक ने 53 और लुआन ड्रे प्रीटोरियस ने 39 रन बनाए। पाकिस्तान के लिए स्पिनर अबरार अहमद ने 4 विकेट लिए। सलमान अली आगा, मोहम्मद नवाज और शाहीन ने 2-2 विकेट लिए।
सईम अयूब की मैच विनिंग पारी
144 रन के टारगेट को पाकिस्तान टीम ने 25.1 ओवर में ही 3 विकेट गंवाकर चेज कर लिया। ओपनर सईम अयूब ने 77 रनों की पारी खेली। जबकि मोहम्मद रिजवान ने नाबाद 32 और बाबर आजम ने 27 रन बनाए। सलमान 5 रन बनाकर नाबाद रहे। अफ्रीका के लिए नांद्रे बर्गर और ब्योर्न फोर्टुइन ने 1-1 विकेट लिया।
पहली बार अफ्रीका को घरेलू वनडे सीरीज में हराया
पाकिस्तान टीम ने अपने घर में साउथ अफ्रीका के खिलाफ अब तक 3 ही वनडे सीरीज खेली हैं। इसमें से एक ही जीती है। शुरुआती दो सीरीज में अफ्रीका ने सफलता हासिल की थी।
दोनों टीमों के बीच पहली वनडे सीरीज अक्टूबर 2003 में हुई थी। तब 5 मैचों की सीरीज में साउथ अफ्रीका ने 3-2 से जीत दर्ज की थी। इसके बाद अक्टूबर 2007 में दोनों टीमों के बीच 5 मैचों की वनडे सीरीज हुई थी। इस बार भी अफ्रीकी टीम ने 3-2 से जीत हासिल की थी। इस बार 3 वनडे की सीरीज पाकिस्तान ने 2-1 से अपने नाम की और पहली बार अपने घर में अफ्रीकी टीम को वनडे सीरीज में हराया।

