पाकिस्तान ने ट्राई सीरीज जीती: अफगानिस्तान को 75 रन से हराया, मोहम्मद नवाज के हैट्रिक समेत 5 विकेट
Published:
3 min read

पाकिस्तान की जीत के हीरो रहे लेफ्ट आर्म स्पिनर मोहम्मद नवाज। उन्होंने 4 ओवर में 19 रन देकर 5 विकेट लिए। (सोशल मीडिया)
स्पोर्ट्स डेस्क. पाकिस्तान ने अफगानिस्तान को हराकर शारजाह में ट्राइ सीरीज अपने नाम कर ली। स्पिन फ्रेंडली ट्रैक पर पहले बैटिंग करते हुए पाकिस्तान ने 141 रन बनाए। जवाब में अफगानिस्तान 15.5 ओवर में 66 रन पर सिमट गई।
पाकिस्तान के लेफ्ट आर्म स्पिनर मोहम्मद नवाज ने कॅरयर बेस्ट परफार्मेंस देते हुए 19 रन देकर 5 विकेट लिए। 9 सितंबर से एशिया कप शुरू हो रहा है और ऐसे में यह जीत पाकिस्तान के लिए हौसलाअफजाई साबित हो सकती है। इस टूर्नामेंट की तीसरी टीम UAE थी।
लो स्कोरिंग गेम
पाकिस्तान के कप्तान सलमान अली आगा ने टॉस जीता और पहले बैटिंग का फैसला किया। शुरुआत खराब रही और साहिबजादा फरहान शून्य पर आउट हो गए। इसके बाद साईम अयूब और फखर जमान ने पारी संभाली। अयूब ने 17 और फखर ने 27 रन बनाए। कप्तान आगा ने 24 और हैट्रिक लेने वाले नवाज ने 25 रन की पारियां खेलीं।
पाकिस्तान ने 20 ओवर में 148 रन बनाए। अफगानिस्तान की तरफ से राशिद खान ने 3 जबकि फजलहक फारूखी ने 2 विकेट लिए। इस विकेट पर पाकिस्तान की तरफ से कोई बल्लेबाज 27 से ज्यादा रन की पारी नहीं खेल सका।
अफगानिस्तान का बैटिंग ऑर्डर फ्लॉप
142 का टारगेट चेज करने उतरी अफगानिस्तान की शुरुआत भी खास नहीं रही। विकेटकीपर बैटर रहमतउल्लाह गुरबाज 5 और सादिकउल्लाह अटल 13 पर डगआउट में लौट गए। तीन बैटर तो खाता भी नहीं खोल सके। कप्तान राशिद खान ने कुछ शॉट्स खेले, लेकिन वो भी 17 रन बनाकर नवाज का शिकार बन गए।
अफगानिस्तान टीम अपने कोटे के 20 ओवर भी नहीं खेल सकी और महज 15.5 ओवर में 66 रन पर सिमट गई। टीम की तरफ से सबसे ज्यादा 17 रन कप्तान राशिद ने बनाए। सिर्फ दो बैटर दो अंकों में पहुंच पाए।
नवाज की कॅरियर बेस्ट बॉलिंग
पाकिस्तान की जीत के हीरो रहे लेफ्ट आर्म स्पिनर मोहम्मद नवाज। उन्होंने 4 ओवर में 19 रन देकर 5 विकेट लिए। यह उनका कॅरियर बेस्ट बॉलिंग एनालिसिस रहा। नवाज ने दरवेश रसूली, अजमतउल्लाह ओमरजई को लगातार बॉल्स पर आउट किया। अगले ओवर की पहली गेंद पर इब्राहिम जादरान को स्टंप कराया और इस तरह हैट्रिक पूरी की।
T20I क्रिकेट में पाकिस्तान की तरफ से हैट्रिक हासिल करने वाले नवाज तीसरे बॉलर हैं। इसके पहले फहीम अशरफ और मोहम्मद हसनैन यह कामयाबी हासिल कर चुके हैं। जीत के बाद पाकिस्तान के कप्तान सलमान ने कहा- एशिया कप के पहले हम लय में आना चाहते थे। यह बड़ी जीत है, क्योंकि ग्रुप स्टेज में अफगानिस्तान ने हमें हराया था।

