पाकिस्तानी बॉलर अबरार ने हसरंगा का स्टाइल कॉपी किया: श्रीलंकाई गेंदबाज ने उसी अंदाज में जवाब दिया; PAK भले जीता, लेकिन इस मोमेंट ने मैच का रोमांच बढ़ाया
Published:
4 min read

मंगलवार को पाकिस्तान ने एशिया कप के सुपर-4 स्टेज में श्रीलंका को 5 विकेट से हरा दिया। हालांकि, पाक के मैच जीतने से ज्यादा चर्चे इस मोमेंट के रहे। फोटो क्रेडिट- सोनी लिव।
स्पोर्ट्स डेस्क: मंगलवार रात पाकिस्तान और श्रीलंका के बीच खेले मैच में एक-दो पल ऐसे आए, जिस पर काफी चर्चा हुई। पाकिस्तानी स्पिनर अबरार अहमद ने श्रीलंकाई प्लेयर वानिंदु हसरंगा को आउट करने के बाद चिढ़ा दिया। जब हसरंगा का टर्न आया तो उन्होंने एक नहीं बल्कि दो-तीन बार अबरार को ट्रोल किया।
सोशल मीडिया पर यह ट्रेडिंग मोमेंट रहा। यह मैच भले पाकिस्तान जीत गया, लेकिन इस मोमेंट ने कुछ देर के लिए मैच में रोमांच बढ़ा दिया।
पहले अबरार ने मॉक किया, फिर हसरंगा ने जवाब दिया
पाकिस्तानी प्लेयर्स कल रात खेले गए मैच में भी ओवर एक्साइटेड दिखे। स्पिनर अबरार अहमद ने हसरंगा का विकेट लेने के बाद उन्हें मॉक किया। दरअसल, विकेट लेने के बाद हसरंगा एक खास तरह का सेलिब्रेशन करते हैं। अबरार ने उन्हें चिढ़ाने के लिए उसी स्टाइल को कॉपी किया। हालांकि, मैच का रोमांच उस वक्त बढ़ गया, जब हसरंगा ने फखर जमां का कैच लेने के बाद अबरार को ट्रोल कर दिया।उन्होंने जवाब देते हुए अबरार का ही स्टाइल कॉपी कर लिया।

इसके बाद जब हसरंगा बॉलिंग करने आए तो पहले ही ओवर में सईम अयूब को बोल्ड कर दिया। विकेट लेने के बाद उन्होंने पाकिस्तानी ड्रेसिंग रूम की तरफ इशारा करते हुए एक बार फिर अबरार को ट्रोल कर दिया। उस वक्त अबरार का चेहरा देखने लायक था। वे काफी निराश दिख रहे थे। हालांकि, एक चीज अच्छी हुई कि मैच खत्म होने के बाद दोनों खिलाड़ियों ने गले लगकर मामले को वहीं खत्म कर लिया।

रविवार को इंडिया के खिलाफ मैच में भी पाक प्लेयर्स हारिस रऊफ, साहिबजादा फरहान और शाहीन अफरीदी की फील्ड पर एक्टिविटी स्पोर्ट्स मैन स्पिरिट के बिल्कुल अपोजिट रही। उनका ध्यान खेल पर कम और अदाकारियों पर ज्यादा था। इंडियन बैटर अभिषेक शर्मा ने तो पोस्ट मैच प्रजेंटेशन में कहा भी कि पाक बॉलर बेवजह छींटाकशी कर रहे थे, इसलिए मैंने बैट से जवाब देना बेहतर समझा। अभिषेक ने इस मैच में 39 बॉल पर 74 रनों की पारी खेली थी।
कल की मैच समरी- पाकिस्तान फाइनल की रेस में बरकरार
मंगलवार को पाकिस्तान ने एशिया कप के सुपर-4 स्टेज में श्रीलंका को 5 विकेट से हरा दिया। दोनों टीमों के लिए यह अहम मैच था। इस जीत के साथ ही पाकिस्तान फाइनल की रेस में बरकरार है। श्रीलंकाई टीम के लिए जरूर मुश्किलें बढ़ गई हैं।
पहले बांग्लादेश और अब पाकिस्तान से हारने के बाद उनकी राह कठिन हो गई है। उन्हें अब इंडिया के खिलाफ किसी भी कीमत पर जीतना होगा, साथ ही दूसरे मैचेस पर भी नजर रखना होगा। दूसरी तरफ पाकिस्तान को फाइनल में जाने के लिए बांग्लादेश से बचा आखिरी मैच जीतना होगा।
पिछले मैच में महंगे साबित रहे अफरीदी की अच्छी वापसी
पाकिस्तान ने टॉस जीतकर पहले फील्डिंग का फैसला किया। श्रीलंका की शुरुआत खराब रही। शाहीन शाह अफरीदी ने पहले ही ओवर में कुशल मेंडिस को पवेलियन भेज दिया। इसके बाद दूसरे ओवर में पथुम निशंका को भी 8 के निजी स्कोर पर आउट कर दिया। भारत के खिलाफ काफी महंगे साबित रहे शाहीन ने इस मैच में अच्छी गेंदबाजी करते हुए टोटल 3 विकेट लिए।
उनके अलावा हुसैन तलत ने भी अच्छी बॉलिंग करते हुए 3 ओवर में 18 रन देकर 2 विकेट छटके। अबरार अहमद ने 4 ओवर में बेहतर इकोनॉमी रेट के साथ सिर्फ 8 रन खर्चे, साथ ही एक विकेट भी लिया। श्रीलंका ने 20 ओवर में 8 विकेट के नुकसान पर 133 रन बनाए।
एक वक्त पर श्रीलंका ने कर दी थी वापसी
टारगेट का पीछा करने उतरी पाकिस्तान की शुरुआत तेज रही। साहिबजादा फरहान और फखर जमां ने पहले विकेट के लिए 45 रन जोड़े। हालांकि, फिर बैक टु बैक दोनों पवेलियन लौट गए। इसके बाद सईम अयूब और पाक कप्तान सलमान अली आगा भी सस्ते में निपट गए। तेज शुरुआत के बाद पाक टीम के 57 रन पर 4 विकेट गिर गए। इसके बाद 80 के स्कोर पर 5वां झटका लगा।
मैच पूरी तरह बराबरी पर आ गया था, लेकिन इसके बाद मोहम्मद नवाज और हुसैन तलत ने छठे विकेट के लिए 58 रनों की पार्टनरशिप कर दी। खासतौर पर नवाज ने तेज रफ्तार से बैटिंग करते हुए 24 बॉल में 38 रन की नाबाद पारी खेली। हुसैन तलत ने 30 गेंद में 32 का स्कोर करके उनका बखूबी साथ दिया। पाक ने 18 ओवर में टोटल चेज कर लिया।

