इंग्लैंड में पाकिस्तानी U19 खिलाड़ियों को शरणार्थी समझा: होटल के बाहर जुटे प्रदर्शनकारी, कोच और खिलाड़ियों को सबूत देना पड़ा
Published: Updated:
3 min read

इंग्लैंड दौरे पर सीरीज खेल रही पाकिस्तान की अंडर-19 क्रिकेट टीम। (फोटो- सोशल मीडिया)
स्पोर्ट्स डेस्क. इंग्लैंड में पाकिस्तान की अंडर-19 क्रिकेट टीम के साथ मंगलवार (8 सितंबर) को अजीब घटना घटी। यह टीम पोर्ट्समाउथ (Portsmouth) के एक होटल में ठहरी थी, जिसके बाहर अचानक एंटी-इमिग्रेशन प्रोटेस्टर्स (प्रदर्शनकारियों) की भीड़ जमा हो गई। उन्हें लगा कि होटल में ठहरे सभी लोग माइग्रेंट्स हैं और यहां शरण आए हैं। हालांकि यह पाकिस्तान की अंडर-19 क्रिकेट टीम के प्लेयर्स थे।
करीब 30 से ज्यादा प्रदर्शनकारियों ने होटल के बाहर विरोध जताया। पुलिस और रिफॉर्म पार्टी के उस एरिया के काउंसलर जॉर्ज मैडविक ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला।
एक ही कंपनी की बस की वजह से गलतफहमी हुई
जॉर्ज मैडविक के मुताबिक, लोकल लोगों ने होटल में करीब 40 विदेशी युवकों को जाते देखा था। जिस कंपनी की मेट्रो बस से पाकिस्तान की टीम होटल पहुंची थी, उसी बस से कंपनी की बस माइग्रेंट्स को भी ट्रांसपोर्ट कर चुकी थी। इसी वजह से लोगों को गलतफहमी हुई। लोगों को लगा कि यह भी शरणार्थी हैं।
मैडविक ने बताया कि होटल स्टाफ और टीम के कोच ने उन्हें यह कन्फर्म किया कि वहां पाकिस्तान की अंडर-19 टीम ठहरी हुई है। उन्हें प्लेयर्स के क्रिकेटर होने का प्रूफ भी दिखाया गया। उन्होंने बाद में सोशल मीडिया पर लोगों से होटल से दूर रहने की अपील की। हालांकि, उनकी पोस्ट पर अब्यूजिव कमेंट्स आने के बाद उन्होंने उसे प्राइवेट कर दिया।
पुलिस ने कहा- गलतफहमी थी
हैम्पशायर पुलिस ने बताया कि मंगलवार शाम होटल के पास लोगों के इकट्ठा होने की जानकारी मिली थी। इसके बाद ऑफिसर्स मौके पर पहुंचे और वहां मौजूद लोगों से बात की। प्रदर्शनकारी इस इलाके में देखी गई एक मेट्रो बस को लेकर चिंता जता रहे थे। ऑफिसर्स ने उन्हें बताया कि वे गलत समझ रहे हैं। यह शरणार्थियों वाला मामला नहीं है। पुलिस के समझाने पर प्रदर्शनकारी लौट गए।
'इससे नस्लीय हमले बढ़ सकते हैं'
वहीं, इंग्लैंड में इमिग्रेशन और छोटी नावों के जरिए आने वाले माइग्रेंट्स का मुद्दा लंबे समय से विवाद में है। इसी को लेकर हाल के दिनों में कई जगह प्रोटेस्ट भी हुए हैं। इसी वजह से पोर्ट्समाउथ के लोगों को गलतफहमी भी हुई।
स्टैंड अप टू रेसिज्म के नेशनल ऑर्गनाइजर माइकल ब्रैडली ने इस घटना की आलोचना की। उन्होंने कहा कि एक क्रिकेट टीम को सिर्फ इसलिए प्रोटेस्ट का सामना करना पड़ा, क्योंकि उसे माइग्रेंट्स का ग्रुप समझ लिया गया। इस तरह की सोच शरणार्थियों को गलत तरीके से टारगेट करने का माहौल बना सकती है। आगे चलकर नस्लीय हमलों और हिंसा का कारण बन सकती है।
ECB ने PCB से किया कॉन्टैक्ट
घटना के बाद इंग्लैंड एंड वेल्स क्रिकेट बोर्ड (ECB) ने पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) से कॉन्टैक्ट किया है। ECB ने खिलाड़ियों का हाल जाना और उनके सिक्योरिटी अरेंजमेंट्स भी रिव्यू कर रहा है।
पाकिस्तान U-19 टीम ने पिछले हफ्ते इंग्लैंड U-19 के खिलाफ 4 दिन का टेस्ट खेला था, जिसमें उसे 10 रन से हार मिली। दोनों टीम के बीच बुधवार को अरुंडेल में वनडे हुआ। इसके बाद शनिवार को गिल्डफोर्ड में एक और ODI खेला जाना है। पाकिस्तान की U-19 टीम के साथ यह घटना ऐसे समय हुई है, जब पाकिस्तान की सीनियर टीम भी इंग्लैंड टूर पर है। टीम एजबेस्टन में इंग्लैंड के खिलाफ तीसरा टेस्ट खेल रही है।

