पाकिस्तान टीम में फिर बदलाव: टेस्ट कप्तान मसूद और कोच सरफराज को हटाया जा सकता है, यूनिस-हफीज को जिम्मेदारी मिलेगी
Published:
3 min read

स्पोर्ट्स डेस्क. पाकिस्तान टेस्ट टीम में कुछ बड़े बदलाव होने के संकेत मिले हैं। इस टीम को हाल ही में बांग्लादेश के खिलाफ दो टेस्ट की सीरीज में 0-2 के क्लीन स्वीप से हार झेलनी पड़ी थी। इसके बाद से ही पाकिस्तान टीम में बदलाव होने की चर्चाएं हैं। मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया जा रहा है कि कोच सरफराज अहमद और कप्तान शान मसूद को हटाया जा सकता है।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) इस पूरे बदलाव के लिए पूर्व प्लेयर यूनिस खान और मोहम्मद हफीज से भी बात कर रहा है। इन दोनों को टीम में बड़ी जिम्मेदारी मिल सकती है। PCB चेयरमैन मोहसिन नकवी अब टेस्ट टीम को पूरी तरह बदलने पर विचार कर रहे हैं।
सरफराज ने चैम्पियंस ट्रॉफी जिताई
सरफराज को कुछ दिन पहले ही टेस्ट टीम का कोच बनाया गया था। बांग्लादेश दौरे पर उनकी पहली सीरीज थी। सरफराज पाकिस्तान टीम के पूर्व कप्तान रहे हैं, जिन्होंने 2017 चैम्पियंस ट्रॉफी भी जिताई थी।
सरफराज इससे पहले अंडर-19 टीम और पाकिस्तान-ए टीम के कोच रहे थे। उन्हें पाकिस्तान टीम के कोच पद से हटाकर वापस वही पुरानी जिम्मेदारी दी जा सकती है।

यूनिस और हफीज से बात चल रही
न्यूज एजेंसी को PCB सोर्स ने बताया कि पाकिस्तान टेस्ट टीम के कोचिंग स्टाफ में यूनिस और हफीज को बड़ी जिम्मेदारी दी जा सकती है। इसके लिए दोनों से बात भी की जा रही है।
सोर्स ने कहा- मैं पक्के तौर पर कह सकता हूं कि यूनिस खान और मोहम्मद हफीज दोनों से PCB अधिकारी बात कर रहे हैं। उन्हें बड़े पद पर जॉइन करने के लिए कहा जा रहा है। हालांकि अभी सिर्फ बात चल रही है। कुछ भी कन्फर्म नहीं हुआ है।
हफीज को चीफ सिलेक्टर और पाकिस्तान टीम का हेड कोच बनाया जा सकता है। इसको लेकर बोर्ड अधिकारियों से बात भी चल रही है।
मसूद ने टाइम मांगा, लेकिन नहीं मिलेगा
दूसरी ओर टेस्ट टीम के कप्तान शान मसूद ने पाकिस्तान बोर्ड से कुछ और समय मांगा था। टीम को वेस्टइंडीज और इंग्लैंड के खिलाफ भी टेस्ट सीरीज खेलनी है। मसूद ने इन दोनों सीरीज में भी कप्तानी करने की इच्छा जताते हुए समय मांगा था, लेकिन बोर्ड अब इस मूड में नहीं दिख रहा है। मसूद को जल्द हटाया जा सकता है।

कप्तान मसूद 16 में से 4 ही टेस्ट जीते
शान मसूद ने 16 टेस्ट में पाकिस्तान टीम की कप्तानी की है, जिसमें से सिर्फ 4 जीते और 12 हारे हैं। यह चारों जीत घर में ही मिली हैं। विदेशी जमीन पर 7 टेस्ट खेले और सभी हारे हैं।
49 प्लेयर्स के लिए NCA कैंप
पाकिस्तानी बोर्ड ने रविवार को ही रेड बॉल (टेस्ट) और व्हाइट बॉल (वनडे और टी20) कैम्प का ऐलान किया है। इसके लिए 49 प्लेयर्स सिलेक्ट किए गए। यह कैम्प नेशनल क्रिकेट एकेडमी में लगेगा। रेड बॉल कैम्प के लिए चुने गए प्लेयर्स और हाल ही में खत्म हुई ऑस्ट्रेलिया वनडे सीरीज में खेलने वाले खिलाड़ी 15 जून से कैम्प शुरू करेंगे।

