अच्छा पैसा दो, तो परफॉर्मेंस मिलेगी: शोएब मलिक की PCB को सलाह, कहा- यहां हर किसी को लीग क्रिकेट से पैसा कमाने की चाह
Published:
3 min read

स्पोर्ट्स डेस्क. पाकिस्तान क्रिकेट टीम की हालत इस समय बेहद खराब चल रही है। टेस्ट टीम को बांग्लादेश के खिलाफ होम और अवे दोनों ही सीरीज में क्लीन स्वीप से हार झेलनी पड़ी। इसी बीच पूर्व पाकिस्तानी कप्तान शोएब मलिक ने टीम के प्रदर्शन में सुधार के लिए पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) सलाह दी है। अच्छा पैसा दोगे तो ही परफॉर्मेंस मिलेगी। यहां हर किसी को लीग क्रिकेट से पैसा कमाने की चाह है।
मलिक ने PCB से कहा कि यदि खिलाड़ियों को अच्छा पैसा और कॉन्ट्रैक्ट मिलेगा, तो ही देश की क्रिकेट बेहतर हो सकती है। उनका कहना है कि घरेलू क्रिकेट को मजबूत किए बिना पाकिस्तान टेस्ट क्रिकेट में दोबारा मजबूत नहीं बन सकता। मलिक ने पाकिस्तान की हालिया टेस्ट सीरीज में हार के बाद सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर अपनी सलाह दी।

घरेलू क्रिकेट में सुधार की मांग
मलिक का मानना है कि पाकिस्तान में टेस्ट और फर्स्ट क्लास को ज्यादा महत्व देना जरूरी है। जो खिलाड़ी टेस्ट खेलते हैं, उन्हें अलग से बेहतर कॉन्ट्रैक्ट और आर्थिक सुरक्षा मिलनी चाहिए। इससे खिलाड़ी T20 लीग की तरफ भागने के बजाय लंबे फॉर्मेट पर ध्यान देंगे। हर खिलाड़ी को एक सीजन में कम से कम 5 फर्स्ट क्लास मैच खेलने चाहिए, ताकि उनकी खेलने की सही तकनीक और दिमागी मजबूती दोनों बेहतर हो सके। अगर खिलाड़ी घरेलू क्रिकेट में ज्यादा खेलेंगे तो उनका स्तर खुद ही ऊपर जाएगा।
मलिक ने आगे कहा- आजकल खिलाड़ी T20 लीग की तरफ ज्यादा ध्यान दे रहे हैं, क्योंकि वहां ज्यादा पैसा मिलता है। इसी वजह से कई खिलाड़ी टेस्ट को गंभीरता से नहीं लेते। अगर यही स्थिति रही तो पाकिस्तान के लिए अच्छी टेस्ट टीम बनाना मुश्किल हो जाएगा। क्रिकेट में सबसे बड़ी जरूरत संतुलन की है। फिलहाल खिलाड़ी सिर्फ लीग क्रिकेट से पैसे कमाने पर ध्यान दे रहे हैं।

इंटरनेशनल क्रिकेट में तैयारी जरूरी
मलिक ने आखिर में कहा- इंटरनेशनल क्रिकेट में सिर्फ टैलेंट काफी नहीं होता। खिलाड़ी को पूरी तरह तैयार होना चाहिए। आधे-अधूरे स्किल्स इंटरनेशनल क्रिकेट में काम नहीं करते। यानी खिलाड़ियों को घरेलू लेवल पर कड़ी मेहनत करनी चाहिए ताकि वे बड़े मैच का दबाव झेल सकें।
पाकिस्तान टीम 0-2 सीरीज हारी
हाल ही में पाकिस्तान टीम को बांग्लादेश दौरे पर टेस्ट सीरीज में 0-2 से हार झेलनी पड़ी। पाकिस्तान टेस्ट टीम की कप्तानी शान मसूद कर रहे हैं। दूसरे टेस्ट में बांग्लादेश ने पाकिस्तान को 78 रन से हराया था।
टेस्ट में पाकिस्तान टीम का परफॉर्मेंस पिछले कुछ समय से लगातार गिरता जा रहा है। पिछली 7 टेस्ट सीरीज में से टीम ने एक ही जीती है। यह एक सीरीज 2024 में घरेलू मैदान पर 2-1 से जीती थी। पाकिस्तान ने 7 में से 4 सीरीज हारीं और 2 ड्रॉ रहीं।

