अपना खर्च खुद उठाओ: पाकिस्तान में TT प्लेयर्स को फरमान- एशियन गेम्स के लिए फ्लाइट, रहने और खाने का खर्च उठाना होगा
Published:
3 min read

स्पोर्ट्स डेस्क. पाकिस्तान की आर्थिक स्थिति इतनी खराब हो गई है कि अब उसने अपने कई खेलों में खिलाड़ियों को भत्ता तक देना बंद कर दिया है। ऐसा ही हाल टेबल टेनिस (TT) में हुआ है। खिलाड़ियों को अपना खर्च खुद उठाने के लिए कह दिया गया है। एशियन गेम्स इस साल के आखिर में होने हैं। इससे पहले पाकिस्तान टेबल टेनिस फेडरेशन (PTTF) ने अपने प्लेयर्स से खुद का खर्च उठाने के लिए कह दिया है।
एसोसिएशन ने साफ कह दिया है कि ना ही पाकिस्तान में किसी प्लेयर को कोई भत्ता मिलेगा और ना ही एशियन गेम्स के लिए खर्च मिलेगा। पाकिस्तानी एसोसिएशन ने कहा कि एशियन गेम्स के लिए फ्लाइट और जापान में रहने-खाने का खर्च खिलाड़ी को खुद ही उठाना होगा। यह मेन्स और वुमन्स दोनों कैटेगरी के लिए लागू है।
TT खिलाड़ियों को कोई मदद नहीं मिलेगी
दरअसल, एशियन गेम्स 2026 इसी साल जापान की मेजबानी में होने जा रहे हैं। इसको लेकर पाकिस्तान में ट्रायल्स चल रहे हैं। इसी दौरान कुछ सीनियर प्लेयर्स ने PTTF के अधिकारियों से सम्पर्क किया। साथ ही खिलाड़ियों को मिलने वाले दैनिक और यात्रा भत्ते की मांग की। तब अधिकारियों ने उनसे दो टूक कह दिया कि अब खिलाड़ियों को एक भी पैसा नहीं मिलेगा और उन्हें अपना खर्च खुद ही उठाना होगा।
एक प्लेयर ने कहा- इसी दौरान हमें बताया गया है कि ट्रायल्स के लिए खिलाड़ियों को कोई भत्ता नहीं मिलेगा। दूसरी बात, जिन खिलाड़ियों का सिलेक्शन एशियन गेम्स के लिए होगा, उन्हें फ्लाइट के टिकट और जापान में रहने-खाने के लिए हर दिन के हिसाब से 50 डॉलर का इंतजाम करना होगा।

पाकिस्तान स्पोर्ट्स बोर्ड ने भी कोई फंड नहीं दिया
एक सीनियर प्लेयर ने बताया कि जब इस मामले को लेकर एथलीट्स ने विरोध जताया तो PTTF अधिकारी ने अजीबो-गरीब बात कही। उसने कहा कि खिलाड़ियों को तो गर्व होना चाहिए कि पाकिस्तान स्पोर्ट्स बोर्ड (PSB) ने PTTF को एक पैसा भी फंड नहीं दिया, बावजूद इसके ट्रायल्स हो रहे हैं।
दूसरे प्लेयर ने सवाल किया- हमें पता चला है कि एशियन गेम्स के लिए भी PSB ने PTTF को कोई ग्रांट या फंड नहीं दिया है। यह बेहद ही अजीब है। क्या पाकिस्तान में स्पोर्ट्स को इसी तरह प्रमोट किया जाता है?
टेबल टेनिस में पाकिस्तान कोई मेडल नहीं जीता
वैसे रिकॉर्ड देखा जाए तो पाकिस्तान के टेबल टेनिस प्लेयर्स का अब तक एशियन गेम्स और एशियन चैम्पियनशिप में खराब प्रदर्शन ही रहा है। पाकिस्तान ने इस खेल में अब तक कोई मेडल नहीं जीता है। जबकि TT में इंडिया, चीन, मलेशिया और साउथ कोरिया का एशियन गेम्स और एशियन चैम्पियनशिप में दबदबा रहा है।

