इंडिया से हारने पर पाकिस्तानी प्लेयर्स को सजा: PCB ने रद्द किए सभी NoC, अब विदेशी लीग नहीं खेल पाएंगे PAK क्रिकेटर; बाबर-रिजवान बगैर गलती के सजा भुगतेंगे
Published:
3 min read

स्पोर्ट्स डेस्क. एशिया कप 2025 में भारतीय टीम और पाकिस्तान के बीच 3 मुकाबले हुए थे। इसमें टीम इंडिया ने 3-0 से क्लीन स्वीप किया था। फाइनल में भी इंडिया ने पाकिस्तान को हराया था। इन शर्मनाक हार के बाद पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) ने अपने खिलाड़ियों को कड़ी सजा दी है। उसने सभी प्लेयर्स के नो-ऑब्जेक्सन सर्टिफिकेट (NoC) कैंसिल कर दिए हैं।
इसका मतलब है कि अब पाकिस्तानी क्रिकेटर्स कोई भी विदेशी लीग नहीं खेल पाएंगे। जो भी प्लेयर कहीं खेल रहे हैं, तो उन्हें घर लौटना पड़ेगा। इन सबके बीच पूर्व कप्तान बाबर आजम और मोहम्मद रिजवान को बगैर गलती के सजा भुगतनी पडे़गी, क्योंकि यह दोनों एशिया कप नहीं खेले थे। उनका भी NoC रद्द हो गया है।
खिलाड़ियों को नोटिस भेज दिया गया
पाकिस्तानी मीडिया के मुताबिक, PCB के चीफ ऑपरेटिंग ऑफिसर सुमैर अहमद सैयद ने खिलाड़ियों और उनको एजेंट्स को नोटिस भेज दिया है। यह नोटिस फाइनल मैच के एक दिन बाद यानी 29 सितंबर को भेजा है। इसमें कहा है कि अगले आदेश तक NoC रद्द ही रहेगा।
रिपोर्ट के मुताबिक, नोटिस में लिखा है- जो भी खिलाड़ी NoC लेकर विदेशी लीग या बाहरी टूर्नामेंट खेल रहे हैं, उन्हें यह नोटिस भेजा गया है। इस NoC को PCB चेयरमैन नकवी ने मंजूरी दी है। पाकिस्तानी बोर्ड ने यह फैसला क्यों लिया है, यह नहीं बताया है।
प्रदर्शन के आधार खिलाड़ियों को NoC मिलेगी
रिपोर्ट्स में दावा किया गया है कि पाकिस्तानी बोर्ड प्लेयर्स के परफॉर्मेंस के हिसाब से NoC देने का मूड बना रहा है। हालांकि इस प्लान का खुलासा नहीं हुआ है। PCB ने यह फैसला डोमेस्टिक और इंटरनेशनल लेवल पर खिलाड़ियों को प्रदर्शन सुधारने के लिए लिया है। इसका भी खुलासा नहीं हुआ है कि यह नया सिस्टम बनने में कितना समय लगेगा।
पाकिस्तान का घरेलू टूर्नामेंट कायदे आजम ट्रॉफी भी अक्टूबर में होना है। यह टूर्नामेंट पहले 22 सितंबर से होना था, जिसकी तारीख आगे बढ़ाई थी।
7 पाकिस्तानी खिलाड़ी BBL में खेलते हैं
बाबर आजम, रिजवान और शाहिन अफरीदी समेत 7 पाकिस्तानी खिलाड़ी ऑस्ट्रेलियाई टूर्नामेंट बिग बैश लीग (BBL) में खेलते हैं। यह लीग इस साल दिसंबर में होनी है।
इसके अलावा 16 पाकिस्तानी प्लेयर्स को UAE में होने वाली इंटरनेशनल लीग टी20 (ILT20) लीग की ऑक्शन के लिए भी रजिस्टर्ड किया गया है। यह ऑक्शन 1 अक्टूबर को UAE में होगा। इसमें नसीम शाह, साईम अयूब और फखर जमां भी शामिल हैं।

