इनसाइड स्टोरी- एशिया कप का बायकॉट क्यों नहीं कर पाया पाकिस्तान : पूर्व PCB चीफ बोले- मैं उस मीटिंग में था, बायकॉट करते तो हमारी क्रिकेट का वजूद खत्म हो जाता
Published:
4 min read

बांए से नजम सेठी के साथ PCB चीफ मोहसिन नकवी और रमीज राजा।
स्पोर्ट्स डेस्क. 14 सितंबर को एशिया कप 2025 में भारत-पाकिस्तान आमने-सामने थे। टॉस के वक्त और मैच के बाद टीम इंडिया ने हैंडशेक नहीं किया। इस पर विवाद हो गया।पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड यानी PCB ने मैच रेफरी एंडी पायक्रॉफ्ट को हटाने की मांग की। कहा- पायक्रॉफ्ट को नहीं हटाया गया और टीम इंडिया के कप्तान सूर्यकुमार यादव पर एक्शन नहीं हुआ तो वो एशिया कप से विदड्रा कर लेंगे यानी बाकी मैचों का बायकॉट करेंगे।
अब आगे की कहानी
इस धमकी के बाद टूर्नामेंट पर संकट नजर आ रहा था। लाहौर में PCB के हेडक्वॉर्टर में एक मीटिंग हुई। इसमें PCB चीफ मोहसिन नकवी के अलावा PCB के ही दो पूर्व चीफ रमीज राजा और नजम सेठी शामिल हुए। माना जा रहा था कि मीटिंग के बाद बायकॉट का ऐलान होगा, क्योंकि एशियन क्रिकेट काउंसिल यानी ACC और ICC दोनों ने ही पाकिस्तान की दोनों मांग ठुकरा दीं थीं। अब नजम सेठी ने इस मीटिंग के डीटेल्स समा टीवी को दिए इंटरव्यू में बताए हैं। नजम जर्नलिस्ट भी हैं और पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री नवाज शरीफ के खास दोस्त हैं।
सेठी कहते हैं- इसके बाद पाकिस्तान का ड्रामा शुरू हुआ। 17 सितंबर को उन्हें UAE के खिलाफ मैच खेलना था। इसी दिन लाहौर में PCB की मीटिंग चल रही थी। इसी मीटिंग के दौरान दुबई में मौजूद पाकिस्तान टीम मैनेजमेंट को मैसेज दिया गया कि उन्हें होटल से स्टेडियम नहीं जाना है, हम एशिया कप का बायकॉट करेंगे।

भाड़ में जाए ACC और ICC
सेठी कहते हैं- मैं PCB में नहीं हूं, फिर भी मुझे मीटिंग में बुलाया गया। फैमिली और दोस्तों ने कहा था कि मैं इस मीटिंग में शिरकत न करूं। मैंने उनसे कहा- मैं PCB के लिए नहीं जा रहा। ACC और ICC भी भाड़ में जाएं। मैं तो अपने मुल्क की मदद करना चाहता हूं, उसे खुदकुशी से बचाना चाहता हूं।सेठी के मुताबिक- मीटिंग में मौजूद हर शख्स चाहता था कि पाकिस्तान की बहुत बेइज्जती हो चुकी है और अब बायकॉट करके ही डैमेज कंट्रोल किया जा सकता है, क्योंकि मुल्क में बहुत गुस्सा है। हम जवाब देना ही होगा।
खुदकुशी करोगे तो कोई पूछेगा भी नहीं
सेठी अंदरखाने की बात को तफ्सीलात देते हुए कहते हैं- मैंने वहां मौजूद लोगों से कहा कि हम पहले ही बायकॉट की धमकी देकर अपने पैरों पर कुल्हाड़ी मार चुके हैं। अब अगर बायकॉट करते हैं तो हमारी क्रिकेट का वजूद खत्म होना तय हो जाएगा। लिहाजा, इससे बचने के लिए कानून के दायरे में काम करना होगा।
सेठी फिर कहते हैं- मैंने कहा सबसे पहले तो पाकिस्तान टीम ग्राउंड पहुंचे और UAE से मैच खेले। ये मैच 8 के बजाए 9 बजे शुरू हो सका। मैंने उन्हें बताया कि ACC और ICC 15 मिलियन का जुर्माना लगाएंगे, क्या आपकी हैसियत से इसे भरने की। दूसरी बात- इंटरनेशनल क्रिकेट में पाकिस्तान का बायकॉट हो जाएगा। तीसरी बात- दूसरे देश का कोई क्रिकेटर पाकिस्तान क्रिकेट लीग यानी PSL में खेलने नहीं आएगा। चौथी बात- ब्रॉडकास्टर करोड़ों रुपए का हर्जाना मांगेगा, क्या आप दे पाएंगे? इसलिए होश से काम लो।
सेठी आखिर में कहते हैं- इसके बाद सभी के होश ठिकाने आ गए। उनके साथ मैं भी बाहर आया और मीडिया को बताया कि हम बायकॉट नहीं करेंगे। हालांकि, ACC और ICC ने हमारी एक भी शर्त नहीं मानी थी

पहले मैच में हैंडशेक कन्ट्रोवर्सी
एशिया कप 2025 के ग्रुप स्टेज मैच में रविवार 14 सितंबर भारत ने पाकिस्तान को 7 विकेट से हरा दिया। टॉस और इसके बाद मैच खत्म होने पर भारतीय खिलाड़ियों और ऑफिशियल्स ने पाकिस्तान के प्लेयर्स से हाथ नहीं मिलाए। इतना ही नहीं, मैच के बाद टीम इंडिया के प्लेयर्स जब ड्रेसिंग रूम लौटे तो उन्होंने इसके गेट बंद कर दिए, इसका मकसद था कि पाकिस्तान के प्लेयर्स से उन्हें हैंडशेक न करना पड़े।पाकिस्तान की टीम की तरफ से इस बारे में ऑफिशियल कम्प्लेन दर्ज कराई गई। इसमें कहा गया है कि भारतीय टीम का यह कदम स्पोर्ट्स मैन स्पिरिट यानी खेल भावना के खिलाफ है।जीत के बाद टीम इंडिया के कप्तान सूर्यकुमार यादव ने पोस्ट मैच प्रजेंटेशन में हिस्सा लिया। इस दौरान उन्होंने कहा कि वो यह जीत पहलगाम आतंकी हमले में मारे गए 26 लोगों को डेडिकेट करते हैं। उन्होंने यह जीत भारतीय सेना और शहीदों को भी डेडिकेट की थी।

