ऑस्ट्रेलिया ODI सीरीज से पहले पाकिस्तान टीम में उलटफेर: बाबर इन- रिजवान आउट, टीम की कमान शाहीन शाह अफरीदी को; पहला मैच 30 मई को
Published:
3 min read

ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ वनडे सीरीज के लिए पाकिस्तान ने बाबर आजम की वापसी जबकि मोहम्मद रिजवान को टीम से बाहर कर दिया।(फाइल)
स्पोर्ट्स डेस्क.पाकिस्तान क्रिकेट में खिलाड़ियों की एंट्री और एग्जिट अब किसी म्यूजिकल चेयर गेम से कम नहीं लग रही। कभी किसी स्टार खिलाड़ी को अचानक बाहर कर दिया जाता है, तो कुछ समय बाद उसी की वापसी हो जाती है। अब ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ होने वाली तीन मैचों की वनडे सीरीज के लिए पाकिस्तान टीम का ऐलान हुआ है, जिसमें बाबर आजम की वापसी हुई है और मोहम्मद रिजवान काे बाहर कर दिया गया है। लगातार बदलते फैसलों ने एक बार फिर पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड और सिलेक्शन कमेटी को सवालों के घेरे में ला खड़ा किया है।
16 प्लेयर को शामिल किया
ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 30 मई से शुरू होने वाली घरेलू वनडे सीरीज के लिए पाकिस्तान ने 16 प्लेयर की टीम घोषित की है। टीम की कमान एक बार फिर पेसर शाहीन शाह अफरीदी को सौंपी गई है, जबकि सलमान अली आगा को उपकप्तान बनाया गया है। इस टीम में बाबर आजम, नसीम शाह, शादाब खान और सुफियान मोकीम जैसे खिलाड़ियों की वापसी हुई है, जो मार्च में बांग्लादेश दौरे पर टीम का हिस्सा नहीं थे।
रिजवान ने पिछली ODI सीरीज में 58 रन बनाए
हालांकि दिक्कत, विकेटकीपर बल्लेबाज मोहम्मद के लिए हुई है। हाल ही में बांग्लादेश के खिलाफ टेस्ट सीरीज में पाकिस्तान को 0-2 से हार मिली थी, लेकिन उस सीरीज में रिजवान ने संघर्ष जरूर दिखाया था। इसके बावजूद उन्हें वनडे टीम से बाहर कर दिया गया। माना जा रहा है कि मार्च में बांग्लादेश के खिलाफ वनडे सीरीज में खराब खेलने से उनके लिए भारी पड़ गया। 3 मैच की सीरीज में रिजवान सिर्फ 58 रन ही बना सके थे।

रिजवान ने 2025 में 569 रन बनाए
हालांकि, अगर पिछले साल का रिकॉर्ड देखें तो रिजवान ने 17 वनडे मैचों में 569 रन बनाए थे, जिसमें एक शतक और चार अर्धशतक शामिल थे। उनका औसत भी 43 से ज्यादा रहा था। ऐसे में अचानक टीम से बाहर किया जाना कई सवाल खड़े करता है। दूसरी ओर बाबर की वापसी ने भी चर्चा तेज कर दी है। टी20 वर्ल्ड कप में खराब फॉर्म के बाद उन्हें मार्च में बांग्लादेश के खिलाफ वनडे सीरीज से बाहर कर दिया गया था। उस समय सिलेक्टर के फैसले की काफी आलोचना हुई थी क्योंकि बाबर का वनडे रिकॉर्ड बेहद अच्छा रहा है। 2025 में उन्होंने 17 वनडे मैचों में 544 रन बनाए थे और उनका औसत 77.16 का रहा था।
रिजवान के बाहर होने के बाद विकेटकीपिंग की जिम्मेदारी युवा खिलाड़ियों को दी गई है। टीम में मोहम्मद गाजी घोरी और अनकैप्ड खिलाड़ी रोहेल नजीर को विकेटकीपर बल्लेबाज के तौर पर शामिल किया गया है। पाकिस्तान की टीम इंजरी की समस्या से भी जूझ रही है। आक्रामक ओपनर फखर जमान और युवा बल्लेबाज सैम अयूब अभी पूरी तरह फिट नहीं हैं और दोनों का रिहैब चल रहा है। उनकी गैरमौजूदगी में अहमद दानियाल और अराफात मिन्हास जैसे नए चेहरों को मौका मिला है।

3 मैच की सीरीज
टीम 23 मई को इस्लामाबाद में होगी, जहां 24 मई से हेड कोच माइक हेसन की निगरानी में ट्रेनिंग कैंप शुरू होगा। वहीं ऑस्ट्रेलियाई टीम भी 23 मई को पाकिस्तान पहुंच जाएगी। सीरीज का पहला मुकाबला 30 मई को रावलपिंडी क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा, जबकि दूसरा और तीसरा वनडे 2 और 4 जून को लाहौर के गद्दाफी स्टेडियम में होंगे।

ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पाकिस्तान की वनडे टीम
शाहीन शाह अफरीदी (कप्तान),सलमान अली आगा (उपकप्तान),अब्दुल समद,अबरार अहमद,अहमद दानियाल,अराफात मिन्हास,बाबर आजम,हारिस रऊफ,माज सदाकत,मोहम्मद गाजी घोरी (विकेटकीपर),नसीम शाह,रोहेल नजीर (विकेटकीपर),साहिबजादा फरहान,शादाब खान,शामिल हुसैन,सुफियान मोकीम

