पाकिस्तान टीम वुमन्स टी20 वर्ल्ड कप से बाहर: लगातार तीसरा मैच हारी, अजेय टीम इंडिया दूसरे नंबर पर
Published: Updated:
2 min read

इस वुमन्स टी20 वर्ल्ड कप 2026 में पाकिस्तान टीम को पहले इंडिया, साउथ अफ्रीका और फिर बांग्लादेश से भी हार मिली। (@ICC)
स्पोर्ट्स डेस्क. वुमन्स टी20 वर्ल्ड कप 2026 में पाकिस्तान टीम का लगातार खराब प्रदर्शन जारी है। यह टीम ग्रुप स्टेज में लगातार तीसरा मैच हारकर टूर्नामेंट से बाहर हो गई है। फातिमा सना की कप्तानी वाली पाकिस्तान टीम को पहले इंडिया, साउथ अफ्रीका और फिर बांग्लादेश से भी हार झेलनी पड़ी है।
अपने ग्रुप में पाकिस्तान को दो मैच और खेलने हैं, लेकिन उसका कोई मतलब नहीं रहेगा। यह मैच ऑस्ट्रेलिया और नीदरलैंड्स के खिलाफ होने हैं। यह मैच जीतकर भी पाकिस्तान टीम सेमीफाइनल के लिए क्वालिफाई नहीं कर पाएगी।
भारतीय टीम दूसरे नंबर पर
दूसरी ओर हरमनप्रीत कौर की कप्तानी वाली भारतीय टीम ने अपने शुरुआती दोनों मैच जीत लिए हैं। यह टीम अभी 4 अंक के साथ पॉइंट्स टेबल में दूसरे नंबर पर काबिज है। इस बार बांग्लादेश टीम ने भी शानदार प्रदर्शन किया और शुरुआती 3 में से 2 मैच जीत लिए हैं।
इसके साथ ही बांग्लादेश टीम तीसरे नंबर पर है। ऑस्ट्रेलिया अपने शुरुआती तीनों मैच जीतकर टॉप पर काबिज है। उसके अभी 6 पॉइंट्स हैं। इस ग्रुप से पाकिस्तान के अलावा नीदरलैंड्स की टीम भी तीन मैच हारकर बाहर हो गई है। साउथ अफ्रीका ने शुरुआती 2 में से एक मैच जीता है। वह अभी सेमीफाइनल की रेस में बनी हुई है।

अब बात पाकिस्तान-बांग्लादेश मैच की
यह मैच काफी रोमांचक रहा। मुकाबले में बांग्लादेश टीम ने टॉस जीतकर बैटिंग का फैसला किया। इसके बाद टीम ने 6 विकेट पर 123 रन बनाए। 124 के टारगेट के जवाब में पाकिस्तान टीम की शुरुआत अच्छी रही। टीम ने 7 ओवर में बगैर विकेट के 48 रन बना लिए थे।
यहां से लग रहा था कि पाकिस्तान टीम आसानी से मैच जीत लेगी, लेकिन अगले 8 ओवर में पूरी बाजी पलट गई। 15 ओवर में पाकिस्तान की आधी टीम सिमट गई और स्कोर भी 76 रन ही रहा। अगले तीन ओवर में 3 विकेट और गिरे। आखिर में पाकिस्तान 8 विकेट गंवाकर 100 रन ही बना सकी और 23 रन से मैच गंवा दिया। नाहिदा अख्तर और संजीदा अख्तर ने 3-3 विकेट लिए।

