पाकिस्तानी खिलाड़ी ने भारत की जर्सी पहनकर तिरंगा लहराया : PAK कबड्डी फेडरेशन ने बैन लगाया; प्लेयर बोला- गलतफहमी हो गई थी
Published:
3 min read

पाकिस्तानी कबड्डी खिलाड़ी उबैदुल्लाह राजपूत ने भारत की जर्सी पहनकर तिरंगा लहराया। फोटो- सोशल मीडिया
स्पोर्ट्स डेस्क। पाकिस्तानी इंटरनेशनल कबड्डी खिलाड़ी उबैदुल्लाह राजपूत पर पाकिस्तान कबड्डी फेडरेशन ने बैन लगा दिया है। यह फैसला बहरीन में हुए एक प्राइवेट टूर्नामेंट के बाद लिया गया। उबैदुल्लाह को भारत की टीम के लिए खेलते हुए देखा गया था। उन्होंने भारतीय तिरंगे झंडे वाली जर्सी पहनी हुई थी।
बहरीन के टूर्नामेंट का मामला
दिसंबर की शुरुआत में बहरीन में GCC कप नाम का एक प्राइवेट कबड्डी टूर्नामेंट हुआ। उबैदुल्ला राजपूत ने इस टूर्नामेंट में हिस्सा लिया। वह भारत को रिप्रेजेंट करने वाली एक टीम के लिए खेले। साथ ही मैदान पर इंडियन जर्सी पहनी। एक मैच जीतने के बाद उन्हें अपने कंधों पर भारतीय झंडा लपेटे हुए भी देखा गया। इसके बाद सवाल उठाया गया ।
फेडरेशन ने इमरजेंसी मीटिंग की
तस्वीरें सामने आते ही पाकिस्तान कबड्डी फेडरेशन ने 27 दिसंबर को इमरजेंसी मीटिंग बुलाई। मीटिंग के बाद फेडरेशन ने उबैदुल्लाह राजपूत पर बैन लगाने का फैसला किया। PKF ने कहा कि खिलाड़ी बिना इजाजत के विदेश गया था। टूर्नामेंट में हिस्सा लिया था। यह फेडरेशन के नियमों का उल्लंघन माना गया।
‘’NOC लेना जरूरी था’’
पाकिस्तान कबड्डी फेडरेशन के सेक्रेटरी राणा सरवर ने बताया कि विदेश में खेलने से पहले किसी भी खिलाड़ी के लिए नो ऑब्जेक्शन सर्टिफिकेट (NOC) लेना जरूरी है। उबैदुल्लाह ने फेडरेशन से इजाजत नहीं ली थी। फेडरेशन ने यह भी कहा कि उबैदुल्लाह ने भारत के नाम वाली टीम की तरफ से खेला और इंडियन जर्सी पहनी थी।
उबैदुल्लाह ने अपनी सफाई में क्या कहा
उबैदुल्लाह ने पूरी घटना को एक गलतफहमी बताया है। उन्होंने कहा कि उन्हें पहले से पता नहीं था कि टीम का नाम इंडियन टीम रखा जाएगा। उनके मुताबिक ऑर्गेनाइजर्स ने उनसे कहा था कि वह एक प्राइवेट टीम का हिस्सा होंगे। बाद में उन्हें पता चला कि टीम का नाम भारत पर रखा गया है। उबैदुल्लाह ने यह भी कहा कि उन्होंने ऑर्गेनाइजर्स से कहा था कि वे भारत या पाकिस्तान का नाम इस्तेमाल न करें।
उबैदुल्लाह ने कहा कि भारतीय और पाकिस्तानी खिलाड़ी पहले भी कई प्राइवेट टूर्नामेंट में एक साथ खेल चुके हैं। उन टीमों का नाम किसी देश के नाम पर नहीं था। इस बार उन्हें गलत जानकारी दी गई।
पाकिस्तान कबड्डी फेडरेशन ने क्या कहा
पाकिस्तान कबड्डी फेडरेशन ने साफ किया है कि उबैदुल्लाह डिसिप्लिनरी कमेटी के सामने अपील कर सकते हैं। फेडरेशन ने यह भी बताया कि NOC के बिना खेलने वाले दूसरे खिलाड़ियों पर भी बैन और जुर्माना लगाया गया है।
यह भी पढ़ें: ODI से बाहर हो सकते हैं ऋषभ पंत : ईशान किशन की दावेदारी मजबूत; न्यूजीलैंड सीरीज के लिए इस हफ्ते टीम का ऐलान

