PCB चीफ इस्तीफा दो: अफगानिस्तान से हार के बाद ट्रोल हुए नकवी; पाकिस्तानी बोले- बच्चों से नहीं जीत सके, भारत को क्या ख्वाब में हराओगे
Published:
2 min read

शारजाह में खेली जा रही T20I ट्राई सीरीज में 2 सितंबर को अफगानिस्तान ने पाकिस्तान को लो स्कोरिंग मैच में 18 रन से हरा दिया। (फाइल)
स्पोर्ट्स डेस्क. शारजाह में खेली जा रही T20I ट्राई सीरीज में 2 सितंबर को अफगानिस्तान ने पाकिस्तान को लो स्कोरिंग मैच में 18 रन से हरा दिया। सीरीज की तीसरी टीम UAE है।
बहरहाल, जैसे ही पाकिस्तान हारा वैसे पाकिस्तानी भड़क गए। हार का ठीकरा इस बार टीम के बजाए पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड यानी PCB के चीफ मोहसिन नकवी पर फूटा। नकवी शाहबाज सरकार में कैबिनेट मिनिस्टर भी हैं और इसके अलावा एशियन क्रिकेट काउंसिल के चेयरमैन का ओहदा भी उन्हीं के पास है।
पाकिस्तानियों ने सोशल मीडिया पर कई पोस्ट किए। एक यूजर ने कहा- बच्चों (अफगानिस्तान) से तो जीत नहीं पाते। भारत को क्या खाक हराओगे। इस हार का जिम्मेदार मोहसिन नकवी है। इसको फौरन इस्तीफा देकर रवाना हो जाना चाहिए।
पाकिस्तान क्रिकेट खत्म होने वाली है
एशिया कप 2025 अगले हफ्ते शुरू होने वाला है। इसके पहले यह ट्राई सीरीज खेली जा रही है। यूजर्स का कहना है कि नकवी अगर PCB के चीफ बने रहे तो वो दिन दूर नहीं, जब पाकिस्तान की क्रिकेट खत्म हो जाएगी। कुछ लोगों ने इस पर मीम्स भी शेयर किए। एक यूजर ने कहा- दुनिया के सबसे करप्ट बोर्ड का सबसे करप्ट चीफ। मुबारक हो PCB...तुम खत्म होने जा रहे हो

और क्या बचा है...
एक और यूजर ने लिखा- PCB चीफ नकवी से बस एक ही सवाल है? ये बताइए कि क्या अब नेपाल और ओमान से हारने का इंतजार कर रहे हैं? तुम्हारी वजह से मोहम्मद रिजवान और बाबर आजम को टीम से बाहर किया गया। अब भी वक्त है कि इन दोनों को टीम में शामिल किया जाए।
एक यूजर ने लिखा- पाकिस्तान टीम को दमदार वापसी के लिए जाना जाता है, लेकिन नकवी ये भी नहीं होने देगा।

14 सितंबर को इंडिया Vs पाकिस्तान मैच
एशिया कप 9 से 28 सितंबर तक होगा। टीम इंडिया अपना पहला मैच 10 सितंबर को UAE के खिलाफ खेलेगी। दूसरा मुकाबला पाकिस्तान से 14 सितंबर को होगा। एशिया कप की मेजबानी भारत के पास थी, लेकिन पाकिस्तान के खिलाफ राजनीतिक तनाव के चलते टूर्नामेंट को UAE में शिफ्ट कर दिया गया।

एशिया कप के लिए पाकिस्तान टीम
सलमान अली आगा (कप्तान),अबरार अहमद,फहीम अशरफ,फखर जमां,हारिस रऊफ,हसन अली,हसन नवाज,हुसैन तलत,खुशदिल शाह, मोहम्मद हारिस (विकेटकीपर),मोहम्मद नवाज,मोहम्मद वसीम जूनियर, साहबजादा फरहान,सैम अय्यूब,सलमान मिर्जा,शाहीन शाह अफरीदी और सुफियान मुकीम।

