पाकिस्तानी क्रिकेटर्स की फीस बढ़ी: फिर भी टीम इंडिया के मुकाबले 3 गुना कम, PCB ने कहा- ICC और एशिया कप जीतोगे तो बोनस भी देंगे
Published:
2 min read

स्पोर्ट्स डेस्क. पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) ने सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट का फॉर्मेट बदलने के साथ ही खिलाड़ियों की फीस में भी बढ़ोत्तरी की है। PCB ने सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट के साथ मैच फीस को भी बढ़ाया है। हालांकि यह दोनों ही फीस बढ़ने के बावजूद भारतीय खिलाड़ियों को मिलने वाली राशि के मुकाबले यह आधी भी नहीं है।
क्रिकेट में सुधार लाने के लिए PCB ने अपने खिलाड़ियों को बोनस का लालच भी दिया है। यदि पाकिस्तानी क्रिकेटर ICC ट्रॉफी जीतते हैं तो उन्हें मैच फीस का 500% बोनस भी मिलेगा। एशिया लेवल की ट्रॉफी जीतने पर मैच फीस का 300% बोनस मिलेगा।
सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट का फॉर्मेट बदला
PCB चीफ मोहसिन नकवी ने हाल ही में है कि बताया कि सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट का फॉर्मेट बदल दिया गया है। A, B, C, D कैटेगरी की जगह अब 5 फॉर्मेट-बेस्ड फॉर्मूला अपनाया जाएगा। यह स्ट्रक्चर वर्ल्ड क्रिकेट में किसी ने भी नहीं आजमाया है। आइए जानते हैं नए फॉर्मूले के तहत किस प्लेयर को किस कैटेगरी में रखा जाएगा।

टेस्ट मैच की फीस भी बढ़ाई
PCB सोर्स ने बताया है कि खिलाड़ियों को एक टेस्ट मैच के लिए बतौर फीस 1.5 मिलियन पाकिस्तानी रुपए (करीब 5 लाख भारतीय रुपए) दिए जाएंगे। पहले यह फीस 800,000 PKR (करीब 2.72 लाख भारतीय रुपए) थी। जबकि हर महीने के रिटेनर फीस के तौर पर 4 मिलियन PKR (करीब 13.58 लाख भारतीय रुपए) दिए जाएंगे।
इस तरह एक साल यानी 12 महीने के 1.63 करोड़ रुपए होंगे। यदि भारतीय क्रिकेटर्स की बात करें तो BCCI के सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट की टॉप कैटेगरी A है। इसमें शामिल प्लेयर को सालाना 5 करोड़ रुपए मिलते हैं। यानी पाकिस्तानियों से करीब 3 गुना से ज्यादा फीस मिलती है।


