इंग्लैंड में पाकिस्तानी क्रिकेटर रेप केस में बरी: हैदर अली के खिलाफ नहीं मिले सबूत, पाकिस्तानी मूल की लड़की ने लगाया था आरोप
Published:
2 min read

पाकिस्तानी बैटर हैदर अली के लिए अब तक 2 वनडे और 35 टी20 इंटरनेशनल खेले हैं। वनडे में 42 और टी20 में 505 रन बनाए। (सोशल मीडिया)
पाकिस्तान के क्रिकेटर हैदर अली को इंग्लैंड में रेप के आरोप में गिरफ्तार किया गया था। सबूत नहीं मिलने के कारण कोर्ट ने उन्हें बरी कर दिया है। पाकिस्तानी मीडिया जियो न्यूज ने ग्रेटर मैनचेस्टर पुलिस के हवाले से यह खबर लगाई है। पुलिस ने अब यह केस बंद भी कर दिया है।
दरअसल, पाकिस्तानी मूल की क्रिश्चियन ने 24 साल के हैदर अली पर रेप का आरोप लगाया था। अली पर आरोप है कि उन्होंने 23 जुलाई को टीम होटल के कमरे में लड़की को मिलने बुलाया और बाद में रेप को अंजाम दिया।
PCB ने हैदर अली को सस्पेंड कर दिया था
3 अगस्त को हैदर अली गिरफ्तार किए गए थे। उन्हें सख्त शर्तों के साथ जमानत दी गई थी और पासपोर्ट जब्त कर लिया गया था। इस घटना पर पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) ने हैदर अली को सस्पेंड कर दिया था। PCB ने कहा था कि जांच पूरी होने के बाद कोड ऑफ कंडक्ट के तहत PCB भी हैदर के खिलाफ एक्शन ले सकती है।
इस बैटर ने पाकिस्तान के लिए अब तक 2 वनडे और 35 टी20 इंटरनेशनल खेले हैं। वनडे में 42 और टी20 में 505 रन बनाए।
जुलाई में इंग्लैंड दौरे पर गए थे हैदर
पाकिस्तान शाहीन्स टीम 22 जुलाई से 3 अगस्त तक इंग्लैंड दौरे पर थी। हैदरी अली भी टीम का हिस्सा थे। इस दौरान टीम ने इंग्लैंड A के खिलाफ 2 तीन दिवसीय मैच खेले। दोनों ड्रॉ रहे। तीन मैचों की वनडे सीरीज 2-1 से जीती। इस दौरान हैदर अली ने कुल 159 रन बनाए।
टेलीकॉम एशिया स्पोर्ट्स के मुताबिक, पाकिस्तान शाहीन्स और MCSAC के बीच 3 अगस्त को बेकेनहैम में मैच हुआ। इसी दौरान हैदर अली को गिरफ्तार किया गया था। इस दौरान क्रिकेटर की आंखों में आंसू थे। रेप की यह घटना 23 जुलाई 2025 को मैनचेस्टर में बताई गई थी।
पहले भी विवादों में रहे
हैदर ने 2020 में अंडर-19 वर्ल्ड कप भी खेला था। 2021 में कोविड नियम तोड़ने के चलते भी हैदर अली को PCB ने सस्पेंड किया था। उन्होंने यह नियम अबु धाबी में पाकिस्तान सुपर लीग (PSL) के दौरान तोड़ा था। इसके चलते हैदर अली इसी साल इंग्लैंड और वेस्टइंडीज दौरे पर नहीं जा सके थे।

