इंग्लैंड में पाकिस्तानी क्रिकेटर हैदर अली रेप केस में ग्राउंड से गिरफ्तार: पासपोर्ट जब्त, PCB ने सस्पेंड किया; 2 ODI और 35 T20I खेले
Published:
4 min read

हैदर अली ने पाकिस्तान के लिए अब तक 2 वनडे और 35 टी20 इंटरनेशनल मैच खेले हैं। वनडे में 42 और टी20 में 505 रन बनाए। (PCB)
पाकिस्तान के क्रिकेटर हैदर अली को इंग्लैंड में रेप के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। फिलहाल, हैदर को सख्त शर्तों के साथ जमानत दी गई है। उनका पासपोर्ट जब्त कर लिया गया है। जांच पूरी होने तक वो मैनचेस्टर शहर और इंग्लैंड नहीं छोड़ सकेंगे।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, विक्टिम पाकिस्तानी मूल की क्रिश्चियन है और मैनचेस्टर में ही रहती है। अली पर आरोप है कि उन्होंने 23 जुलाई को टीम होटल के कमरे में लड़की को मिलने बुलाया और बाद में रेप को अंजाम दिया।
इस घटना पर पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) ने कहा- 24 साल के हैदर अली पर इंग्लैंड में क्रिमिनल केस चल रहा है। PCB ने उन्हें सस्पेंड कर दिया है। PCB ने यह नहीं बताया कि हैदर पर क्या आरोप हैं।
दूसरी तरफ ग्रेटर मैनचेस्टर पुलिस के एक अफसर ने बताया है कि क्रिकेटर पर रेप का आरोप है। इस बैटर ने पाकिस्तान के लिए अब तक 2 वनडे और 35 टी20 इंटरनेशनल खेले हैं। वनडे में 42 और टी20 में 505 रन बनाए।
PCB ने कहा- हम इंग्लैंड के कानून का सम्मान करते हैं। इन्वेस्टिगेशन जारी रहेगी। जांच चलने तक अली सस्पेंड रहेंगे। जांच पूरी होने के बाद कोड ऑफ कंडक्ट के तहत PCB भी हैदर के खिलाफ एक्शन ले सकती है।
अब जानिए ये माजरा क्या है
पाकिस्तान शाहीन्स टीम 22 जुलाई से 3 अगस्त तक इंग्लैंड दौरे पर थी। इस दौरान टीम ने इंग्लैंड A के खिलाफ 2 तीन दिवसीय मैच खेले। दोनों ड्रॉ रहे। तीन मैचों की वनडे सीरीज 2-1 से जीती। इस दौरान हैदर अली ने कुल 159 रन बनाए।
टेलीकॉम एशिया स्पोर्ट्स के मुताबिक, पाकिस्तान शाहीन्स और MCSAC के बीच 3 अगस्त को बेकेनहैम में मैच हुआ। इसी दौरान हैदर अली को गिरफ्तार किया गया था। इस दौरान क्रिकेटर की आंखों में आंसू थे। बाद में हैदर अली को जमानत मिली, लेकिन पासपोर्ट जब्त कर लिया गया। रिपोर्ट के अनुसार यह एक पाकिस्तानी मूल की लड़की के साथ रेप का मामला है।
ग्रेटर मैनचेस्टर पुलिस के मुताबिक- रेप का एक मामला दर्ज हुआ था। इसी के तहत 24 साल के क्रिकेटर को गिरफ्तार किया गया। रेप की यह घटना 23 जुलाई 2025 को मैनचेस्टर में हुई थी। रिपोर्ट के मुताबिक, टीम के कप्तान सऊद शकील और हैदर को छोड़कर बाकी खिलाड़ी पाकिस्तान लौट चुके हैं। शकील पर्सनल रीजन के चलते दुबई में हैं।
कैसे मिली बेल और आगे क्या
पाकिस्तान के TV चैनल ARY न्यूज के मुताबिक- इंग्लैंड के कानून के मुताबिक, वहां की पुलिस जांच पूरी होने के पहले विक्टिम और सस्पेक्ट (पीड़ित और संदिग्ध आरोपी) की पहचान उजागर नहीं करते। इस मामले में हैदर अली का नाम इसलिए सामने आ गया, क्योंकि पुलिस ने उन्हें ग्राउंड से ही कस्टडी में लिया और बाद में गिरफ्तारी दर्ज की।
गिरफ्तारी दर्ज करने के बाद PCB और लंदन में पाकिस्तानी हाईकमीशन को इस बारे में ऑफिशियली इन्फॉर्म किया। पाकिस्तान के ऑफिशियल्स ने ही हैदर अली का स्ट्रिक्ट बेल बॉन्ड साइन किया। करीब 28 घंटे कस्टडी में रहने के बाद अली को जमानत मिली। इस दौरान विक्टिम से उनका आमना-सामना कराया गया। अब पुलिस साइंटिफिक एविडेंस जुटाकर अली के खिलाफ चार्जशीट फाइल करेगी। इसके बाद मामला लोअर कोर्ट में सुनवाई के लिए जाएगा।
लोअर कोर्ट में अगर अली गुनहगार साबित हुए तो उन्हें जेल जाना होगा। हालांकि, 90 दिन में वो क्राउन कोर्ट में फैसले के खिलाफ अपील कर सकेंगे। यहां भी दोषी साबित हुए तो एमनेस्टी कोर्ट में अपील कर सकते हैं। आखिरी फैसला लीगल सेक्रेटरी करता है।
पहले भी विवादों में रहे
हैदर ने 2020 में अंडर-19 वर्ल्ड कप भी खेला था। 2021 में कोविड नियम तोड़ने के चलते भी हैदर अली को PCB ने सस्पेंड किया था। उन्होंने यह नियम अबु धाबी में पाकिस्तान सुपर लीग (PSL) के दौरान तोड़ा था। इसके चलते हैदर अली इसी साल इंग्लैंड और वेस्टइंडीज दौरे पर नहीं जा सके थे।

