33 साल के पाकिस्तानी क्रिकेटर आसिफ का संन्यास: एक दिन में 150 छक्के लगाने का दावा, बेटी की मौत के बाद भी नहीं छोड़ा था मैच
Published:
2 min read

पाकिस्तानी बैटर आसिफ अली ने 13 जुलाई 2018 को इंटरनेशनल क्रिकेट में डेब्यू किया था। उन्होंने 21 वनडे और 58 टी20 मैच खेले। (Instagram)
आज (2 सितंबर) दो क्रिकेटर्स ने संन्यास का ऐलान किया है। ऑस्ट्रेलियाई तेज गेंदबाज मिचेल स्टार्क ने टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट को छोड़ दिया। जबकि 33 साल के पाकिस्तानी बैटर आसिफ अली ने इंटरनेशनल क्रिकेट को अलविदा कह दिया है। आसिफ वही बल्लेबाज हैं, जो एक दिन में 150 छक्के लगाने का दावा करते आए हैं।
क्रिकेट जगत उनके जज्बे को भी सराहता है। उन्होंने 18 महीने की बेटी नूर फातिमा को खो दिया था। जिस दिन बेटी की डेथ हुई, उस दिन वो इंग्लैंड में वनडे मुकाबला खेल रहे थे। बेटी कैंसर की जंग लड़ रही थी और आसिफ इंग्लैंड दौरे पर सीरीज खेल रहे थे।
बेटी की डेथ के 2 हफ्ते बाद फिर मैदान पर लौटे
दरअसल, आसिफ की बेटी का इलाज अमेरिका में चल रहा था। इसी बीच उन्हें इंग्लैंड दौरे पर वनडे सीरीज के लिए सिलेक्ट किया गया। आसिफ टीम के साथ गए और मैच भी खेले। उन्होंने 2 फिफ्टी भी लगाई थीं। इसी बीच 19 मई 2019 को खबर आई कि बेटी की डेथ हो गई।
आसिफ उस दिन सीरीज का आखिरी वनडे खेल रहे थे, जिसमें 22 रन बनाए। मैच के बाद वो घर लौट गए थे। दो हफ्ते बाद ही आसिफ एक बार फिर मैदान पर लौटे। आसिफ को वनडे वर्ल्ड कप 2019 के लिए टीम में सिलेक्ट किया गया था। उन्होंने 3 जून को इंग्लैंड के खिलाफ वनडे मैच खेला था। इसमें 14 रन बनाए थे।
5 साल ही इंटरनेशनल करियर रहा
आसिफ दावा करते हैं कि वे रोज प्रैक्टिस सेशन में 150 छक्के लगाते हैं। उन्होंने पाकिस्तान के लिए 21 वनडे में 382 रन और 58 टी20 मैच में 577 रन बनाए हैं। आसिफ को टेस्ट डेब्यू का मौका नहीं मिला। उन्होंने मिडिल ऑर्डर में फिनिशर की भूमिका निभाई।
इस पाकिस्तानी बैटर ने 13 जुलाई 2018 को इंटरनेशनल क्रिकेट में डेब्यू किया था। यह वनडे मैच था, जो जिम्बाब्वे के खिलाफ बुलावायो में खेला गया था। आसिफ ने आखिरी इंटरनेशनल मैच 7 अक्टूबर 2023 को बांग्लादेश के खिलाफ टी20 खेला था।

