ओलंपिक से बाहर होगी पाकिस्तान टीम: श्रीलंका और न्यूजीलैंड का खेलना भी मुश्किल; जानिए ICC रूल्स
Published: Updated:
3 min read

ओलंपिक 2028 के लिए पाकिस्तान टीम को क्वालिफाइंग राउंड खेलना पड़ेगा।
स्पोर्ट्स डेस्क. ओलंपिक 2028 अमेरिका के लास एंजिलिस में 14 से 30 जुलाई 2028 तक होंगे। 128 साल बाद फिर से क्रिकेट को ओलंपिक में जगह मिली है। इससे पहले 1900 के पेरिस ओलंपिक में पुरुष क्रिकेट को शामिल किया था। इस बार पाकिस्तान और न्यूजीलैंड क्रिकेट फैन्स के लिए निराश करने वाली खबर सामने आ रही है। यह दोनों ही टीमों अगले ओलंपिक से बाहर हो सकती हैं।
दरअसल, दुबई में 7 नवंबर को इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) की बोर्ड मीटिंग खत्म हुई। इसमें बताया कि ओलंपिक में मेन्स और वुमन्स की 6-6 टीमों को एंट्री मिलेगी। ICC ने तय किया है कि 5 रीजन में से हर एक की टॉप रैंक टीम को ओलंपिक का टिकट मिलेगा, जबकि छठी टीम ग्लोबल क्वालिफायर से चुनी जाएगी।
इस फॉर्मेट के तहत टीम इंडिया का ओलंपिक खेलना तय है, लेकिन पाकिस्तान, श्रीलंका और न्यूजीलैंड समेत कई टीमों के लिए मुश्किलें बढ़ जाएंगी। इन्हें ओलंपिक के लिए क्वालिफाइंग राउंड खेलना पड़ेगा। सभी ओलंपिक मैच टी20 फॉर्मेट में होंगे।
इस तरह क्वालिफाई करेंगी 6 टीमें
ICC ने रीजनल क्वालिफिकेशन सिस्टम बनाया है। इसके तहत रैंकिंग के आधार पर एशिया से भारतीय टीम क्वालिफाई करेगी। जबकि पाकिस्तान, श्रीलंका, बांग्लादेश काफी पीछे हैं। ओशियान रीजन से ऑस्ट्रेलिया, यूरोप से इंग्लैंड और अफ्रीका रीजन से साउथ अफ्रीकी टीम क्वालिफाई करेगी।
मेजबान होने के नाते USA को डायरेक्ट एंट्री मिलेगी या नहीं, यह अभी कन्फर्म नहीं है। या फिर अमेरिका रीजन से USA की जगह वेस्टइंडीज को भी एंट्री मिल सकती है। इस तरह 5 टीमें कन्फर्म होंगी। छठी टीम के लिए क्वालिफायर राउंड होंगे। इसमें पाकिस्तान, न्यूजीलैंड, श्रीलंका, बांग्लादेश और अफगानिस्तान समेत बाकी कई टीमें खेलेंगी।
ऐसे होगा महिला टीमों के क्वालिफिकेशन का फैसला
1900 के ओलंपिक में पुरुष क्रिकेट को शामिल किया था, जिसमें 2 टीम फ्रांस और ग्रेट ब्रिटेन ही थीं। तब ब्रिटिश टीम ने गोल्ड मेडल जीता था। 2028 ओलंपिक की बड़ी बात यह भी रहेगी कि इसमें महिला क्रिकेट को भी शामिल किया जाएगा। यह पहली बार होगा जब ओलंपिक में महिला क्रिकेट होगा। महिला टीमों के क्वालिफिकेशन का फैसला अगले साल होने वाले टी20 वर्ल्ड कप से होगा।
इस मैदान पर होंगे सभी क्रिकेट मुकाबले
लास एंजिलिस ओलंपिक कमेटी ने क्रिकेट मैचों के लिए वेन्यू भी तय कर लिया है। सभी मुकाबले अमेरिका के सदर्न कैलिफोर्निया के पोमोना शहर में खेले जाएंगे। यह वेन्यू लॉस एंजिल्स से करीब 50 किमी दूर है।
क्रिकेट में कब होंगे मेडल मैच
ओलंपिक में क्रिकेट मैच 12 से 29 जुलाई तक खेले जाएंगे। वुमन्स के मेडल मैच 20 जुलाई होंगे, जबकि मेन्स कैटेगरी में मेडल मैच 29 जुलाई को होंगे। दोनों कैटेगरी में कुल 28 मैच खेले जाएंगे।
छठी टीम बनने के लिए जो क्वालिफायर मुकाबले होंगे, उसका फॉर्मेट अभी तय नहीं है। एक फॉर्मेट तो यह है कि हर एक टीम अपने रीजन की टीमों से मैच खेले और टॉप करते हुए बाकी रीजन की टीमों से मुकाबला खेलकर क्वालिफाई करे। दूसरा एक टूर्नामेंट में सीधे वर्ल्ड की टीमों से भिड़े और फाइनल जीतकर क्वालिफाई करे। दोनों ही मामलों में पाकिस्तान के लिए ओलंपिक खेलना बेहद मुश्किल है।

