पाकिस्तान के क्रिकेट स्टेडियम में ब्लास्ट: मैच के दौरान हुए धमाके में एक मौत; ड्रोन से पुलिस स्टेशन उड़ाने की भी कोशिश
Published:
2 min read

यह हमला पाकिस्तान में बाजौर जिले की खार तहसील के कौसर क्रिकेट स्टेडियम में हुआ था। (सोशल मीडिया)
स्पोर्ट्स डेस्क। एशिया कप 2025 से पहले पाकिस्तान से एक बड़ी खबर सामने आई है। यहां एक क्रिकेट मैच के दौरान स्टेडियम में ब्लास्ट हुआ, जिसमें एक व्यक्ति की जान चली गई। कई घायल बताए जा रहे हैं। पाकिस्तानी मीडिया डॉन के मुताबिक, आतंकियों ने ड्रोन से पुलिस स्टेशन को भी उड़ाने की कोशिश की। हालांकि निशाना चूक गए।
पुलिस के मुताबिक, खैबर पख्तूनख्वा के बाजौर जिले में यह क्रिकेट मैच खेला जा रहा था। जिला पुलिस अधिकारी वकास रफीक ने बताया कि यह मुकाबला शनिवार (6 सितंबर) को खार तहसील के कौसर क्रिकेट स्टेडियम में हुआ था।
एशिया कप 2025: 8 टीम, 20 दिन और 19 मैच; टूर्नामेंट शुरू होने से पहले वो सब जो आप जानना चाहेंगे
अधिकारी ने कहा कि यह एक टारगेट अटैक है, जो ब्लास्ट इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस (IED) द्वारा किया गया है।
किसी आतंकी संगठन ने जिम्मेदारी नहीं ली
पिछले शनिवार को लोवी ममुंड तहसील के लाघारी एरिया में एक पुलिस स्टेशन पर भी हमला हुआ था। इसमें एक पुलिस अधिकारी समेत 2 लोग घायल हुए थे। सूत्रों की मानें तो कॉन्स्टेबल मोहम्मद हबीब और एक आम नागरिक नजीब खान घायल हुए थे। पार्किंग में खड़े कई वाहन डैमेज हुए।
PR ऑफिसर इसरार खान ने कहा था कि सभी घायलों को खार के जिला हेडक्वार्टर हॉस्पिटल में भर्ती कराया। उन्होंने कहा कि आतंकियों ने एक और पुलिस स्टेशन पर ड्रोन से अटैक किया था, लेकिन निशाना सटीक नहीं बैठा।
इन हमलों की जिम्मेदारी अभी तक किसी आतंकी संगठन ने नहीं ली है। हालांकि कुछ हफ्ते पहले ही पाकिस्तानी सिक्योरिटी फोर्स ने आतंकियों के खिलाफ ऑपरेशन सरबकफ चलाया है। पुलिस अधिकारी का मानना है कि यह हमले आतंकियों द्वारा इसी के जवाब में किए गए हैं।

