पाकिस्तान टीम में सब उल्टा-पुल्टा: शाहिद अफरीदी बोले- शाहीन का काम विकेट लेना, साइम अयूब का काम रन बनाना- दोनों उल्टे चल रहे हैं
Published:
3 min read

शाहिद अफरीदी ने इस मैच में 16 बॉल पर 33 रन बनाए थे। उन्हें कोई विकेट नहीं मिला था। और, साइम अयूब ने 3 विकेट लिए थे।( फोटो क्रेडिट सोशल मीडिया)
स्पोर्ट्स डेस्क. शाहिद अफरीदी ने अपने दामाद और पाकिस्तानी टीम के मेन पेसर शाहीन शाह अफरीदी को सही तरीके से खेलने की नसीहत दी है। शाहिद के मुताबिक, पाकिस्तान टीम में इन दिनों सब उल्टा-पुल्टा चल रहा है। शाहीन का काम विकेट लेना है और वो रन बना रहे हैं। साइम अयूब का काम रन बनाना है और वो विकेट ले रहे हैं।
दरअसल, रविवार को टीम इंडिया ने पाकिस्तान को 7 विकेट से हराया था। शाहीन ने इस मैच में 16 बॉल पर 33 रन बनाए थे। उन्हें कोई विकेट नहीं मिला था।
दूसरी तरफ, साइम अयूब ने 3 विकेट लिए थे, लेकिन बैटिंग में वो 0 पर आउट हो गए थे और ये मैच की पहली बॉल थी। हार्दिक पंड्या ने अयूब को जसप्रीत बुमराह के हाथों कैच कराया था।

अच्छा हो, शाहीन बॉलिंग पर फोकस करें
शाहीन शाह ने सिर्फ 2 ओवर बॉलिंग की थी। इस दौरान 23 रन दिए थे। विकेट का खाता खाली रहा था। अभिषेक शर्मा ने उन पर पहली बॉल से अटैक शुरू कर दिया था।
शाहिद ने इसी बात का जिक्र किया। समा टीवी पर एक प्रोग्राम के दौरान शाहिद ने कहा- मुझे शाहीन की बॉलिंग कतई पसंद नहीं आई। उनका काम नई बॉल से विकेट लेना है। अब न तो उनकी रफ्तार नजर आती और न कोई स्विंग। टीम इंडिया के यंग बैटर उन पर जबरदस्त हमलावर थे। अभिषेक ने तो शाहीन की पहली ही बॉल पर क्रीज से बाहर आकर चौका लगाया। इसके बाद भी वो नहीं रुके और सिक्सर भी लगाया।
शाहिद ने कहा- शाहीन ने भले ही 16 बॉल पर 33 रन की पारी खेली और इसकी वजह से पाकिस्तान का स्कोर 100 के पार पहुंचा, लेकिन मैं इससे खुश नहीं हूं।

साइम क्या कर रहे हैं
साइम अयूब का जिक्र करते हुए शाहिद ने कहा- वो ओपनर है। पहली बॉल पर ही आउट हो गया। हम क्या उम्मीद करें? बाद में उसने तीन विकेट लिए, लेकिन उसका मेन टास्क तो रन बनाना है, अच्छी शुरुआत देना है। इसीलिए मैं कह रहा हूं कि पाकिस्तान क्रिकेट टीम में सब उल्टा-पुल्टा हो रहा है। ये सवाल तो पूछना पड़ेगा कि टीम मैनेजमेंट क्या कर रहा है?
शाहिद ने आखिर में कहा- गेम प्लान कहां है? आप तो मैच शुरू होने से पहले ही सरेंडर कर रहे हैं। क्या शाहीन और सलमान आगा के पास कोई माइंड गेम नहीं है, गेम प्लान नहीं है। अगर नहीं है तो किसी और को मौका दीजिए।

