पाकिस्तान के 2 पूर्व कप्तान के खिलाफ जांच: लतीफ को PCB पर कमेंट भारी पड़ा, अकरम पर सट्टेबाजी को बढ़ावा देने का आरोप
Published: Updated:
2 min read

पूर्व पाकिस्तानी विकेटकीपर बैटर राशिद लतीफ ने पाकिस्तान टीम के लिए 37 टेस्ट खेले, जिसमें 1381 रन बनाए। (सोशल मीडिया)
स्पोर्ट्स डेस्क. पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) एक बार फिर सुर्खियों में है। इस बार क्रिकेट के लिए नहीं बल्कि अपने 2 पूर्व कप्तान के खिलाफ कार्रवाई को लेकर चर्चाओं में है। PCB की शिकायत के बाद पाकिस्तान की नेशनल साइबर क्राइम इन्वेस्टिगेशन एजेंसी (NCCIA)) पूर्व कप्तान राशिद लतीफ के खिलाफ जांच शुरू कर दी है।
पूर्व कप्तान वसीम अकरम के खिलाफ भी एक अलग शिकायत दर्ज की गई है। अकरम के खिलाफ एक सट्टेबाजी ऐप को बढ़ावा देने के आरोप को लेकर कार्रवाई की गई है। हालांकि, अभी तक अकरम को कोई नोटिस नहीं भेजा गया है। मीडिया रिपोर्ट्स की मानें तो अकरम के खिलाफ अभी जांच शुरू हुई है।
इस्लामाबाद और लाहौर में जांच चल रही
राशिद लतीफ ने PCB और उसके चेयरमैन मोहसिन नकवी के बारे में कई कमेंट्स किए थे। इसके बाद PCB के सीनियर लीगल मैनेजर सैयद अली नकवी ने लतीफ के खिलाफ शिकायत दर्ज करवाई। इसी मामले में NCCIA के प्रवक्ता नजीबुल्लाह हसन ने बताया कि लतीफ के खिलाफ इस्लामाबाद और लाहौर में जांच चल रही है। इसी सिलसिले में उनसे पूछताछ की गई।
लतीफ की पोस्ट के बाद हुई कार्रवाई
दरअसल, पाकिस्तान क्रिकेट टीम में लगातार हो रहे बदलाव को लेकर लतीफ ने आलोचना की थी। उन्होंने एक्स पोस्ट में लिखा था- शाहीन शाह अफरीदी को वनडे कप्तान बनाया गया।
राजनीतिक साजिश के तहत फूट डालो और राज करो की रणनीति अपनाई गई है। इसका इस्तेमाल सत्ता हासिल करने और उसे बनाए रखने के लिए किया जाता है। पाकिस्तान अकेला ऐसा देश है जो एक अच्छा कप्तान भी नहीं बना सकता।
लतीफ और अकरम का करियर
विकेटकीपर बैटर राशिद लतीफ ने पाकिस्तान टीम के लिए 37 टेस्ट खेले, जिसमें 1381 रन बनाए। इस दौरान 1 शतक और 7 अर्धशतक लगाए। लतीफ ने 166 वनडे में 1709 रन बनाए। इसमें सिर्फ 3 ही फिफ्टी लगा सके।
दूसरी ओर पूर्व तेज गेंदबाज वसीम अकरम ने 104 टेस्ट में 414 विकेट लिए। जबकि 356 वनडे खेले, जिसमें 502 विकेट लिए। वसीम ने टेस्ट में 3 शतक लगाते हुए 2898 रन भी बनाए। उन्होंने वनडे में 6 फिफ्टी लगाईं।

