पाकिस्तानी क्रिकेटर और कोच लल्लू : शोएब अख्तर बोले- जिसकी प्लेइंग 11 में जगह नहीं, उसे कप्तान बना दिया, कोच तो नालायक नजर आता है
Published:
2 min read

शोएब अख्तर ने पाकिस्तान टीम और कोच को लल्लू तक कह दिया।(फोटो सोर्स; सोशल मीडिया)
स्पोर्ट्स डेस्क. एशिया कप 2025 में पाकिस्तान की टीम तीन बार भारत के सामने आई और तीनों बार उसे सख्त शिकस्त मिली। जाहिर है, पाकिस्तान के पूर्व क्रिकेटर्स और फैन्स का गुस्सा टीम पर फूटना था और यही हो भी रहा है। इसी कड़ी में रावलपिंडी एक्सप्रेस के नाम से मशहूर शोएब अख्तर का बयान सामने आया है। शोएब ने पाकिस्तान टीम और कोच को लल्लू तक कह दिया।
क्रिकेटिंग सेंस है भी या नहीं
पाकिस्तान के टीवी शो ‘गेम ऑन है’ में शोएब ने टीम को लेकर बेहद सख्त कमेंट्स किए। उन्होंने कहा- शुरू से ही शुरू करें। हमने सलमान अली आगा को कप्तान बनाया। उसने क्या कर लिया? उसकी तो प्लेइंग 11 में भी जगह नहीं बनती और आपने उसे कप्तान बना दिया। हेड कोच माइक हेसन हैं। उन्होंने क्या कर लिया। जब भी कैमरा उसकी तरफ जाता, वो बाल नोंचता नजर आता। ये आदमी पूरी तरह सेंसलेस है। वो किसी भी एंगल से क्रिकेट कोच नजर नहीं आता। मेरे नजर मैं तो वो नालायक कोच है।

टैलेंट है ही नहीं, प्लेयर्स कहां से आएंगे
शोएब ने शो के दूसरे पैनलिस्ट फहीम मिर्जा और शोएब मलिक को भी खरी-खरी सुनाईं। कहा- आप लोग कहते हैं कि पाकिस्तान में बहुत टैलेंट है। मुझे बताइए कहां है टैलेंट? इस गलतफहमी को दूर कर लीजिए। हमारे क्रिकेटर्स को अब सिर्फ लीग्स से मतलब है। उन्हें घर चलाने के लिए पैसा चाहिए। बोर्ड कंगाल है…इसलिए हमारे ऊपर कभी मैच फिक्सिंग और कभी इसी तरह की दूसरी तोहमत लगतीं हैं।

बोर्ड को भी लल्लू-कट्टू चाहिए
शोएब ने आखिर में कहा। PCB के पास न पहले कोई प्लान था और न अब है। उसे तो लल्लू-कट्टू टाइप के प्लेयर चाहिए। PCB ऐसे प्लेयर चाहता है जो उसकी हां में हां मिलाएं। यही हो रहा है। हमारे कप्तान की हिम्मत नहीं कि वो PCB चीफ के सामने अपनी बात रख सके। आज इंडिया की टीम देख लीजिए। उनके रणजी ट्रॉफी खेलने वाले प्लेयर के पास भी करोड़ों रुपए, बंगला और गाड़ी होती है। भारत की क्रिकेट आज पाकिस्तान से 25 साल आगे है। जब तक हम उनकी बराबरी करेंगे तब तक वो और 25 साल आगे निकल जाएंगे।

