एशियन गेम्स के लिए पाकिस्तान टीम का ऐलान: बाबर-शाहीन बाहर, साहिबजादा फरहान कप्तान; 4 डेब्यूटेंट को मौका
Published: Updated:
2 min read

स्पोर्ट्स डेस्क. पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) ने एशियन गेम्स 2026 के लिए 15 मेंबर स्क्वॉड का ऐलान कर दिया है। साहिबजादा फरहान टीम के कप्तान बनाए गए हैं। अब्दुल समद को वाइस कैप्टन बनाया गया है। वहीं, बाबर आजम, शाहीन शाह अफरीदी, सलमान अली आगा और शादाब खान जैसे सीनियर प्लेयर्स को स्क्वॉड में जगह नहीं मिली है।
T20I डेब्यू का मौका
एशियन गेम्स टीम में शामिल आकिफ जावेद, अली रजा, माज सदाकत और साद मसूद ने अभी तक पाकिस्तान के लिए T20I डेब्यू नहीं किया है। PCB का यह फैसला हालिया टूर्नामेंट्स में टीम की खराब परफॉर्मेंस के बाद आया है।
पाकिस्तान टीम T20 वर्ल्ड कप 2026 में सुपर-8 से आगे नहीं बढ़ सकी थी। वहीं एशिया कप फाइनल में उसे टीम इंडिया के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा था। इसी वजह से बोर्ड ने इस बार सीनियर प्लेयर्स की बजाय यंग टैलेंट को मौका देने का फैसला किया है।

फरहान कैप्टन
साहिबजादा फरहान ने पाकिस्तान के लिए 46 T20I मैच खेले हैं। फरहान के नाम 1305 रन हैं। 2 सेंचुरी और 10 हाफ सेंचुरी लगाई हैं। T20 वर्ल्ड कप 2026 में भी वह सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बैटर रहे। फरहान ने इससे पहले कभी पाकिस्तान टीम की कप्तानी नहीं की है। एशियन गेम्स 2026 उनके करियर में कप्तान के तौर पर पहला बड़ा असाइनमेंट होगा।
2023 एशियन गेम्स में चौथे स्थान पर रहा था पाकिस्तान
क्रिकेट एशियन गेम्स में अब तक 2010, 2014 और 2022 (2023 में हांगझोऊ में हुए थे) एडिशन में खेला गया है। पिछली बार पाकिस्तान की टीम चौथे नंबर पर रही। टीम ने 1 मैच जीता था। 2 मुकाबलों में हार का सामना करना पड़ा था। इस बार PCB ने सीनियर प्लेयर्स को आराम देकर यंग प्लेयर्स को मौका दिया है।

पाकिस्तान की एशियन गेम्स 2026 टीम
साहिबजादा फरहान (कप्तान), अब्दुल समद (उपकप्तान), अबरार अहमद, अहमद दानियाल, आकिफ जावेद, अली रजा, अराफात मिन्हास, हैदर अली, हसन नवाज, माज सदाकत, मोहम्मद सलमान मिर्जा, साद मसूद, सैम अयूब, सूफियान मोकीम और विकेटकीपर उस्मान खान।

