रोहित शर्मा को PAK टीम का कप्तान बताया: पाकिस्तान Vs बांग्लादेश टेस्ट में ब्लंडर, पाकिस्तानी फ्लैग और नाम के साथ भारतीय प्लेयर्स के नाम दिखाए
Published:
2 min read

स्पोर्ट्स डेस्क. पाकिस्तान क्रिकेट टीम इस समय बांग्लादेश दौरे पर दो टेस्ट की सीरीज खेल रही है। पहला टेस्ट 8 मई से मीरपुर में खेला जा रहा है। इसी मैच के दूसरे दिन ब्रॉडकास्टर चैनल ने एक ब्लंडर कर दिया। उसने टीवी पर लाइव मैच के दौरान ही पाकिस्तान टीम की जगह भारतीय प्लेयर्स के नाम दिखाए। इसमें रोहित शर्मा को पाकिस्तान टीम का कप्तान भी बता दिया।
PAK फ्लैग और नाम के साथ भारतीय प्लेयर्स के नाम
इसका एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है। वीडियो में देख सकते हैं कि टीवी पर पाकिस्तान टीम का स्कोरकार्ड दिखाया गया। इस दौरान ग्राफिक्स पर पाकिस्तान टेस्ट करियर लिखा था। बैकग्राउंड में झंडा भी पाकिस्तान का ही था, लेकिन नाम भारतीय खिलाड़ियों के लिख दिए।
कप्तान रोहित शर्मा को बताया। इस लिस्ट में शुभमन गिल, तिलक वर्मा, शिवम दुबे, जितेश शर्मा, रिंकू सिंह, अक्षर पटेल, वॉशिंगटन सुंदर, रवि बिश्नोई, अर्शदीप सिंह और मुकेश कुमार के भी नाम थे। सबसे नीचे लिखा कि पाकिस्तान ने टॉस जीतकर फील्डिंग का फैसला किया।
5 सेकंड में ही ग्राफिक्स हटा लिया
हालांकि ब्रॉडकास्टर को अपनी गलती का अहसास तुरंत ही हो गया। यही वजह रही कि उसने इस ग्राफिक्स को 5 सेकंड में ही हटा लिया। इसके बाद अगली बॉल दिखाकर सही ग्राफिक्स दिखाया। इस सीरीज में पाकिस्तान टीम की कप्तानी शान मसूद संभाल रहे हैं। बाबर आजम चोट के चलते बाहर हैं।
इस नए ग्राफिक्स में पाकिस्तान टीम का नाम, फ्लैग और बाकी सबकुछ वही था। सिर्फ भारतीय प्लेयर्स की जगह पाकिस्तान टीम के खिलाड़ियों के सही नाम लिख दिए गए। भले ही ब्रॉडकास्टर ने 5 सेकंड में यह ग्राफिक्स हटा लिया हो, लेकिन वीडियो वायरल होने से नहीं रोक सके।
मैच में बांग्लादेश टीम ने लीड बनाई
अब बात इस मैच की करते हैं। इस टेस्ट में टॉस हारकर पहले बैटिंग करते हुए बांग्लादेश टीम ने पहली पारी में 413 रन बनाए। कप्तान नजमुल हुसैन शांतो ने 101 रन की शतकीय पारी खेली। मोमिनुल हक ने 91 और मुस्तफिजुर रहमान ने 71 रन बनाए। पाकिस्तान के लिए मोहम्मद अब्बास ने 5 और शाहीन शाह अफरीदी ने 3 विकेट लिए।
दूसरे दिन का खेल खत्म होने तक पाकिस्तान टीम ने 1 विकेट पर 179 रन बनाए। इस तरह पहली पारी में दूसरे दिन बांग्लादेश को 234 रन की लीड मिली।

