हारिस रऊफ पर 3 मैच का बैन मुमकिन : दावा- एशिया कप का फाइनल नहीं खेलेंगे; 21 सितंबर को मैदान में उकसावे वाली हरकत की थी
Published:
3 min read

सूत्रों के मुताबिक- ICC ने जांच में पाया कि रऊफ की यह हरकत ‘वॉर रिफरेंस’ यानी जंग की तरफ इशारा करने वाली थी। (Photo- सोनी स्पोटर्स)
स्पोर्ट्स डेस्क. पाकिस्तान के पेसर हारिस रऊफ पर ICC तीन मैच का बैन लगा सकता है। मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया गया है कि हारिस 28 सितंबर को एशिया कप का फाइनल भी नहीं खेल सकेंगे। 21 सितंबर को भारत के खिलाफ मैच में हारिस रऊफ बाउंड्री लाइन पर फील्डिंग कर रहे थे। इस दौरान दर्शकों ने उनकी हूटिंग की। जवाब में इस पाकिस्तान प्लेयर ने 6-0 का साइन बनाते हुए फाइटर जेट्स गिराने का इशारा किया था।
BCCI ने कहा- ये हरकत मंजूर नहीं
हारिस की इस हरकत के खिलाफ BCCI ने ऑफिशियल कम्प्लेन दर्ज कराई थी और ICC से उन पर एक्शन की मांग की थी। अब खबरों में दावा किया जा रहा कि हारिस को बैन किया जा सकता है। इतना ही नहीं 21 सितंबर के मैच के लिए हारिस की पूरी यानी 100% फीस भी काटी जा सकती है।

सूत्रों के मुताबिक- ICC ने जांच में पाया कि रऊफ की यह हरकत ‘वॉर रिफरेंस’ यानी जंग की तरफ इशारा करने वाली थी और खेल के मैदान पर यह जेस्चर उकसावे वाला और नाकाबिले बर्दाश्त है।
ICC ने तलब किया
भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने एशिया कप 2025 में भारत के खिलाफ मैच में PAK खिलाड़ियों की हरकत की शिकायत ICC से की थी। मैच के दौरान साहिबजादा फरहान ने फिफ्टी लगाने के बाद गनशॉट सेलिब्रेशन, जबकि हारिस रऊफ ने 6-0 का और हाथ से प्लेन के गिरने का इशारा किया था। इस मैच में भारत ने पाकिस्तान को 6 विकेट से हराया था।
BCCI ने बुधवार (24 सितंबर) ने मेल के जरिए पाकिस्तान के खिलाड़ियों की इन हरकतों की इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) से शिकायत की है। उम्मीद जताई जा रही थी कि ICC दोनों खिलाड़ियों के खिलाफ एक्शन लेगा। भारत की शिकायत पर साहिबजादा और हारिस को शुक्रवार 26 सितंबर को ICC एलिट पैनल के रेफरी रिची रिचर्डसन के सामने पेश होना पड़ा।
PCB ने सूर्यकुमार यादव के खिलाफ शिकायत की
उधर, पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) ने ICC से टीम इंडिया के कैप्टन सूर्य कुमार यादव के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी। सूर्यकुमार ने पाकिस्तान के खिलाफ पहले मैच में मिली जीत को पहलगाम आतंकी हमले में जान गंवाने वालों को समर्पित की थी।

फरहान को पछतावा नहीं
साहिबजादा ने मीडिया में बातचीत कर कहा था – वो सेलिब्रेशन बस अचानक हुआ था। मैं जब भी हाफ सेंचुरी लगाता हूं तो किसी भी तरह का सेलिब्रेशन नहीं करता हूं। लेकिन जब मैं उस आंकड़े पर पहुंचा तो अचानक मेरे मन में सेलिब्रेट करने का ख्याल आया और मैंने वो इशारा कर दिया। बिना यही सोचे कि लोग उसे किस तरह से समझेंगे। हमें इंडिया ही नहीं, किसी भी टीम के खिलाफ एग्रेसिव क्रिकेट खेलना चाहिए।

