पाकिस्तानी क्रिकेटर के घर पर फायरिंग: तेज गेंदबाज नसीम टीम के साथ थे; आज श्रीलंका के खिलाफ रावलपिंडी में वनडे होना है
Published: Updated:
2 min read

स्पोर्ट्स डेस्क. पाकिस्तान से एक बड़ी खबर सामने आ रही है। तेज गेंदबाज नसीम शाह के घर पर फायरिंग हुई है। हालांकि क्रिकेटर अपने घर पर नहीं था। नसीम पाकिस्तान टीम के साथ रावलपिंडी में हैं, जहां श्रीलंका के खिलाफ सीरीज का पहला वनडे होना है।
नसीम शाह का परिवार पाकिस्तान के खैबर पख्तून्वा स्थित मयार में रहता है। उनके घर का नाम हुज्र है।
किसी को कोई नुकसान नहीं
पुलिस ने बताया है कि हमला किसने और क्यों किया है, यह अभी जानकारी नहीं लग सकी है। फिलहाल, इस फायरिंग में नसीम के परिवार वालों को कोई नुकसान नहीं हुआ है। हालांकि घर के गेट, खिड़की और दरवाजों का बुरा हाल हुआ है। इसका एक वीडियो भी वायरल हो रहा है।
घर की सुरक्षा बढ़ा दी गई
पुलिस के मुताबिक, यह हमला रविवार (9 नवंबर) की देर रात करीब 2 बजे हुआ है। फिलहाल, मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घर के आसपास लगे CCTV फुटेज की जांच की जा रही है। साथ ही घर की सुरक्षा भी बढ़ा दी गई है।
जमीन विवाद या आपसी दुश्मनी का मामला
निचला दीर जिला पुलिस ने बताया कि शुरुआती जांच में यह मामला आतंकवाद वाला नहीं दिख रहा है। यह जमीन विवाद और आपसी दुश्मनी का दिखाई दे रहा है। जिला पुलिस अधिकारी तैमूर खान ने नसीम के पिता को आश्वासन दिया है कि आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।
हालांकि स्थानीय लोगों और पड़ोसियों ने बताया है कि नसीम की फैमिली का यहां काफी सम्मान है। उनका बैकग्राउंड बहुत अच्छा रहा है। उनका कोई दुश्मन या विवाद नहीं है।
2009 में श्रीलंकाई टीम पर हमला हुआ था
पाकिस्तान में 3 मार्च 2009 को श्रीलंकाई क्रिकेट टीम पर आतंकी हमला हुआ था। इसमें सभी प्लेयर बाल-बाल बचे थे। इसके बाद से पाकिस्तान में कई सालों तक क्रिकेट बंद सा हो गया था। इंटरनेशनल क्रिकेट खेलने वाली टीमों ने पाकिस्तान दौरा करने से मना कर दिया था।
इस हमले के बाद पहली टीम जिम्बाब्वे थी, जो पाकिस्तान आई थी। उसने मई 2015 में वनडे और टी20 सीरीज खेली थी। इसके बाद 2017 में वर्ल्ड इलेवन के साथ सीरीज हुई। इस तरह पाकिस्तान में इंटरनेशनल क्रिकेट की वापसी हुई।

