पापा की जीत नहीं, बर्थडे पार्टी जरूरी: बेटी के जन्मदिन में नहीं पहुंचे सकेंगे जोकोविच; मीडिया से कहा- वो याद मत दिलाइए, उसे बड़ा तोहफा मिलेगा
Published:
3 min read

स्पोर्ट्स डेस्क। साल के आखिरी ग्रैंड स्लैम यूएस ओपन 2025 में सर्बियाई टेनिस स्टार नोवाक जोकोविच क्वार्टरफाइनल में पहुंच गए हैं। उन्होंने सुपर-16 राउंड में जर्मनी के जान-लेनार्ड स्ट्रफ (Jan-Lennard Struff) को सीधे सेट में 6-3, 6-3, 6-2 से हराया। हालांकि यह जीत उनकी बेटी तारा को पसंद नहीं आई। वो चाहती थीं कि उसकी बर्थडे पार्टी में पापा भी शामिल हों।
दरअसल, तारा 2 सितंबर को 8 साल की हो जाएगी। जोकोविच का क्वार्टरफाइनल मैच भी अमेरिका के टेलर फ्रिट्ज (Taylor Fritz) के खिलाफ इसी दिन होना है। ऐसे में वे अपनी बेटी के बर्थडे में नहीं पहुंच पाएंगे। जोकोविच टूर्नामेंट के लिए फैमिली को नहीं लाए हैं।
गिफ्ट में खिताब जीतकर देना चाहते हैं जोकोविच
जोकोविच हर ग्रैंड स्लैम में फैमिली को साथ ले जाते हैं। इस बार भी फैमिली के साथ लाने का प्लान था, ताकी साथ में बर्थडे मना सकें। मगर खिताब जीतने पर फोकस करने के लिए उन्होंने आखिरी मौके पर फैमिली को साथ लाने का प्लान बदल दिया।
मैच जीतने के बाद 24 बार के ग्रैंड स्लैम चैम्पियन जोकोविच ने कहा- तारा इस जीत से बिल्कुल भी खुश नहीं है। मुस्कुराते हुए जोकोविच ने रिपोर्टर्स से कहा कि उन्हें इस मैच की याद ना दिलाएं। वे यह खिताब जीतकर बेटी को गिफ्ट में देना चाहते हैं। जोकोविच ने बेटी तारा से बहुत सारे गिफ्ट देने का वादा भी किया है।
जोकोविच बेटी के लिए अच्छे गिफ्ट भेजेंगे
जोकोविच ने कहा- “जो होना था हो गया। हमें लग भी रहा था कि ऐसा हो सकता है। वह (बेटी) बिल्कुल भी खुश नहीं है, क्योंकि मैं उसकी बर्थडे पार्टी में शामिल नहीं हो पाउंगा। प्लीज, मुझे इसके बारे में याद मत दिलाइए।”
“मैं उसके लिए जीतने (खिताब) की कोशिश करुंगा और इस तरह गिफ्ट दूंगा। मैं उसके लिए कुछ अच्छे गिफ्ट भी भेजूंगा, लेकिन उम्मीद है कि यह जीत (खिताब) कुछ ऐसी हो, जिससे की वो खुश हो।”
जोकोविच ने यूएस ओपन में जीत के बाद कई बार वायलिन बजाने की स्टाइल करते हुए जश्न मनाया। इस तरह वे जीत को बेटी के नाम करते हैं। उनकी बेटी तारा अभी वायलिन बजाना सीख रही हैं।
22 साल के अल्काराज ने बनाया वर्ल्ड रिकॉर्ड
यूएस ओपन में स्पेनिश टेनिस प्लेयर कार्लोस अल्काराज ने वर्ल्ड रिकॉर्ड बना दिया है। वे ओवरऑल ग्रैंड स्लैम में 13वीं बार क्वार्टरफाइनल में पहुंचने वाले सबसे युवा प्लेयर बन गए हैं। अल्काराज ने यह रिकॉर्ड 22 साल और 3 महीने की उम्र में यह उपलब्धि हासिल की। उन्होंने बोरिस बेकर का रिकॉर्ड तोड़ा, जिन्होंने 22 साल 9 महीने की उम्र में 13 ग्रैंड स्लैम खेले थे।

