वैभव की उम्र पर नितिश राणा को शक: मीडिया से कहा- क्या सूर्यवंशी हकीकत में 14 साल का है, यकीन नहीं होता
Published:
2 min read

IPL 2025 में वैभव सूर्यवंशी ने 7 मैचों में 252 रन बनाए। फोटो सोर्स; सोशल मीडिया
स्पोर्ट्स डेस्क. IPL 2025 में राजस्थान रॉयल्स (RR) से खेलने वाले 14 साल के वैभव सूर्यवंशी की बैटिंग देखकर कई लोगों को यकीन नहीं होता कि उनकी उम्र महज 14 साल है। इतनी कम उम्र में शानदार बल्लेबाजी करने वाले वैभव के सीनियर भी उनकी हिटिंग और शॉट सिलेक्शन से हैरान हो जाते हैं। IPL 2025 में वैभव ने 7 मैचों में 252 रन बनाए। इसमें एक सेंचुरी शामिल थी।
हाल ही में दिल्ली प्रीमियर लीग (DPL) के एक मैच के बाद जब मीडिया ने नितीश राणा से वैभव के बारे में ऐसी कौन सी बात है जो दुनिया नहीं जानती तो राणा ने मजाक में कहा– वैभव सच में 14 साल का है या नहीं? फिर हंसते हुए कहा– यार मैं तो बस मजाक कर रहा हूं।
13 साल के वैभव को मौका मिला
वैभव जब 13 साल के थे तब IPL नीलामी में उन्हें राजस्थान रॉयल ने खरीद लिया था। अपने पहले ही मैच में पहली ही गेंद पर उन्होंने शार्दुल ठाकुर को एक्स्ट्रा कवर के ऊपर से छक्का मार दिया। डेब्यू मैच में उन्होंने 20 गेंदों में 34 रन बनाए।
इसके बाद वैभव ने गुजरात टाइटंस के खिलाफ महज 38 गेंदों पर 101 रन बना दिए। उनका शतक तो 35 बाॅल में ही पूरा हो गया था। ये IPL इतिहास में किसी भी भारतीय खिलाड़ी का सबसे तेज़ शतक था। इतनी कम उम्र में ऐसा खेल दिखाना बहुत बड़ी बात है और शायद यही वजह है कि लोग वैभव की उम्र को लेकर अकसर मजाक करते हैं।
राणा का IPL खास नहीं रहा
वैभव का खेल चर्चा का विषय बना, वहीं उनके साथी खिलाड़ी राणा का IPL 2025 ज्यादा अच्छा नहीं रहा। उन्होंने एक मैच में जरूर CSK के खिलाफ 36 बाॅल में 81 रन की पारी खेली, लेकिन बाकी 11 मैच में वो सिर्फ 217 रन ही बना सके।
DPL के 11 मैच में 393 रन
राणा ने दिल्ली प्रीमियर लीग (DPL) में वापसी की। वहां उन्होंने 11 मैचों में 393 रन बनाए। स्ट्राइक रेट 182 रहा। उनकी इस परफॉर्मेंस से टीम वेस्ट दिल्ली लायंस ने DPL 2025 का खिताब भी अपने नाम कर लिया।

