पूरन ने क्रुणाल पंड्या की कॉलर पकड़ी: मजाक में गर्दन पकड़कर धक्का भी दिया; मैच में भी कहासुनी, VIDEO वायरल
Published:
2 min read

RCB Vs LSG मैच के दौरान भी क्रुणाल पंड्या और निकोलस पूरन के बीच बहस हुई थी। इसका भी वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ। (फोटो ग्रैब)
स्पोर्ट्स डेस्क. इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 सीजन के 50वें मैच का एक वीडियो सोशल मीडिया पर काफी वायरल हो रहा है। यह मैच लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के बीच लखनऊ में हुआ था। वायरल वीडियो में LSG के निकोलस पूरन RCB के क्रुणाल पंड्या की कॉलर पकड़ते दिख रहे हैं।
हालांकि यह दोनों प्लेयर के बीच मजाक ही था। पूरन ने मजाकिया अंदाज में यह कॉलर पकड़ी। साथ ही गर्दन पकड़कर पंड्या को धक्का भी दिया। हालांकि दोनों प्लेयर के बीच मैच के बाद ही नहीं, बल्कि मैच के दौरान भी मजाक मस्ती हुई थी।
मैच में भी दोनों आमने-सामने आए थे
दरअसल, लखनऊ टीम की पारी के दौरान 10वें ओवर में पंड्या ने दूसरी बॉल पर अर्शिन कुलकर्णी का विकेट लिया था। फिर नए बैटर आए पूरन को लगातार दो बाउंसर डालीं। दूसरी बाउंसर गेंद पर पूरन ने सिंगल लिया।
पूरन जब रन पूरा करने नॉन-स्ट्राइकर एंड पर पहुंचे, तो पंड्या उनके करीब आए। बस इसी दौरान दोनों के बीच कुछ बातचीत हुई थी। इसका भी वीडियो वायरल हुआ। हाव भाव से लग रहा था कि दोनों के बीच गंभीर बहस हुई, लेकिन दूसरा मजाकिया वीडियो सामने आने पर लग रहा है कि यह भी मजाक ही था।
दोनों प्लेयर दो साल एक टीम से खेल चुके
क्रुणाल पंड्या पिछले सीजन से ही RCB के लिए खेल रहे हैं। इससे पहले 2022, 2023 और 2024 सीजन में लखनऊ टीम से खुल चुके हैं। पूरन भी 2023 से लखनऊ टीम की ओर से खेल रहे हैं। ऐसे में दोनों प्लेयर दो साल साथ में लखनऊ टीम से खेल चुके। इसी दौरान दोनों में अच्छी दोस्ती हुई।
यह मैच लखनऊ ने 9 रन से जीता
लखनऊ के इकाना स्टेडियम में हुए इस मैच को LSG ने 9 रन से जीता था। यह लखनऊ टीम की लगातार 6 हार के बाद पहली जीत रही। LSG के लिए पेसर प्रिंस यादव ने 3 विकेट लिए और ओपनर मिचेल मार्श ने सेंचुरी लगाई। मिचेल को ही प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया था।
मैच में टॉस हारकर पहले बैटिंग करते हुए लखनऊ टीम ने 210 रन का टारगेट सेट किया था। जवाब में RCB टीम 6 विकेट गंवाकर 203 रन ही बना सकी और मैच गंवा दिया। बारिश के चलते 3 बार खेल रुका था। ऐसे में मैच 19-19 ओवर का किया गया था।

