बाउंसर से परेशान थे विराट: न्यूजीलैंड के पेसर वैगनर बोले- ऑकलैंड में कोहली दिक्कत में दिखे, धोनी बेखौफ खेले
Published:
2 min read

महेंद्र सिंह धोनी ने भारत के लिए 90 टेस्ट मैच खेले है। जिसमें 4876 रन बनाए थे।(फाइल)
स्पोर्ट्स डेस्क । 2014 में भारतीय क्रिकेट टीम ने न्यूजीलैंड का दौरा किया था। उस दौरे का पहला टेस्ट ऑकलैंड में खेला गया था। इस टेस्ट के बारे में न्यूजीलैंड के पूर्व पेसर नील वैगनर ने बयान दिया है। वैगनर के मुताबिक, विराट कोहली बाउंसर से परेशान दिखे थे, जबकि महेंद्र सिंह धोनी बिना किसी डर के खेलते रहे। वैगनर कहते हैं- मुझे यह बात काफी हैरान करने वाली लगी थी।
कोहली को बाउंसर से दिक्कत
नील वैगनर ने एक इंटरव्यू में कहा- ऑकलैंड के ईडन पार्क में पिच भले ही फ्लैट थी, लेकिन उसमें उछाल और तेजी थी। जब उन्होंने विराट कोहली को बाउंसर किए तो कोहली थोड़ा कंफ्यूज दिखे। उन्हें समझ नहीं आ रहा था कि गेंद को खेलें या छोड़ें।

धोनी को परेशानी नहीं
वैगनर ने कहा- मैंने जब धोनी को बाउंसर किए तो बड़े आराम से खेल रहे थे। उनको कोई दिक्कत नहीं हुई। हालांकि, फिर मैंने धोनी को एक स्लो बाउंसर किया और धोनी उसे अपने ही विकेट पर खेल गए। धोनी का विकेट मोटिवेशन देने वाला था। मैंने वहां अपने दिल की सुनी और धोनी को स्लो बाउंसर डालने का फैसला किया, जो सफल रहा। इससे मुझे अपनी काबिलियत पर भरोसा हुआ।
40 रन से हार गया था भारत
दरअसल, वैगनर जिस मैच की बात कर रहे है, वो 2014 में ऑकलैंड में खेला गया था। इस मैच में भारत के सामने न्यूजीलैंड ने 407 रन का टारगेट दिया। विराट कोहली ने 67 रन बनाए थे।
शिखर धवन ने 115 और धोनी ने 39 रन बनाए थे। 270/6 विकेट गिरने के बाद धोनी और जडेजा ने पारी को संभाला और 54 रन की पार्टनरशिप की, लेकिन टीम को जीत नहीं दिला सके। भारत यह मैच 40 रन से हार गया। वैगनर ने इस मैच में 62 रन देकर 4 विकेट लिए थे। भारत और न्यूजीलैंड की 2 टेस्ट मैच की सीरीज में न्यूजीलैंड ने 1-0 से जीत हासिल की थी

