फेल होना मंजूर, चीटिंग नहीं: NEET प्रोटेस्ट पर सचिन का पोस्ट; गिल-युवराज समेत कई प्लेयर्स का रुख सामने आया
Published: Updated:
3 min read

स्पोर्ट्स डेस्क. NEET पेपर लीक और शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर जंतर-मंतर पर कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के सदस्य धरना दे रहे हैं। इस मामले को लेकर सड़क से संसद तक घमासान मचा हुआ है। इसको भारतीय खिलाड़ियों और उनकी फैमिली से भी सपोर्ट मिलता दिख रहा है। पूर्व भारतीय क्रिकेटर सचिन तेंदुलकर, युवराज सिंह, मौजूदा वनडे-टेस्ट टीम के कप्तान शुभमन गिल समेत कई प्लेयर्स के बयान आए हैं।
सचिन ने कहा कि उनके पिता ने हमेशा सिखाया है कि फेल होना चलेगा, लेकिन चीटिंग नहीं करनी चाहिए। दूसरी ओर रोहित शर्मा की पत्नी रितिका सजदेह, सूर्यकुमार यादव की पत्नी देविशा शेट्टी और जसप्रीत बुमराह की पत्नी संजना गणेशन ने भी सोशल मीडिया पर पोस्ट शेयर की है।

सचिन की पोस्ट वायरल
सचिन तेंदुलकर ने लिखा- मेरे पिता प्रोफेसर थे। वे कई यंग स्टूडेंट्स के मेंटोर और गाइड थे। उन्होंने सिखाया था, 'असफल हो जाना ठीक है लेकिन नकल नहीं करना। कभी भी शॉर्टकट नहीं अपनाना चाहिए।' हम पर समाज में अच्छा कल्चर बनाने की जिम्मेदारी भी है।


इनके अलावा ओलंपिक मेडलिस्ट शूटर मनु भाकर ने कुछ दिन पहले ही सोशल मीडिया पर पोस्ट शेयर कर प्रोटेस्ट को सपोर्ट किया था। उन्होंने कहा था कि यह मामला विरोध कर रहे लोगों का ही नहीं है। यह हमें भी कहीं ना कहीं इफेक्ट करता है।
युवराज ने क्या कहा?
सिक्सर किंग कहे जाने वाले युवराज ने कहा- हर एक बच्चे, छात्र, महिला और पुरुष: आप सभी को शांति से सीखने, सुरक्षा के साये में आगे बढ़ने और अपने सपनों को पूरा करने का मौका मिलना चाहिए। आपकी भलाई ही बेहतर इंडिया की नींव है।
आइए साथ मिलकर एक ऐसा समाज बनाएं, जहां सभी की सुरक्षा हो, बराबर मौकें मिलें और बेहतर भविष्य की उम्मीद रहे। बातचीत के जरिए ही हम भारत के भविष्य का कोई हल निकाल सकते हैं।
छात्रों को परेशान देखकर दुख होता है
मनु भाकर ने लिखा- यह किसी राजनीतिक पार्टी का विरोध या सपोर्ट नहीं है। यह सिर्फ उन मुद्दों के बारे में है, जो हमारे लिए काफी मायने रखते हैं, जैसे- शिक्षा, सामाजिक माहौल, सुरक्षा और जवाबदेही। यह मुद्दे हम सभी को इफेक्ट करते हैं, चाहे हमारी सोच कुछ भी हो।
शूटर मनु ने आगे लिखा- छात्रों को इस तरह परेशान देखकर दुख होता है। हमें उनके लिए कुछ करना चाहिए। उन्हें सीखने, आगे बढ़ने और सपने पूरा करने के लिए सुरक्षित माहौल देना होगा।
देविशा ने छात्रों को तोड़फोड़ का जिम्मेदार बताया
सूर्या की पत्नी देविशा ने इंस्टाग्राम स्टोरी शेयर करते हुए विरोध कर रहे छात्रों को तोड़फोड़ का जिम्मेदार बताया। उन्होंने कहा कि लोगों के टैक्स के पैसे से यह सार्वजनिक संपत्ति बनाई जाती है। इसे नुकसान नहीं पहुंचाना चाहिए। जबकि रोहित शर्मा की पत्नी रितिका ने एक बच्चे का वीडियो शेयर किया।m;f

