जैवलिन में भी इंडिया-पाकिस्तान मैच नहीं: नीरज और अरशद सिलेसिया डायमंड लीग में नहीं खेलेंगे, ओलंपिक के बाद पहली टक्कर होनी थी
Published:
2 min read

पेरिस ओलंपिक 2024 में अरशद नदीम ने गोल्ड और नीरज चौपड़ा ने सिल्वर मेडल जीता था। (फाइल फोटो)
पहलगाम हमले के बाद से भारत और पाकिस्तान के बीच किसी भी खेल में कोई मैच नहीं हुआ है। जैवलिन थ्रो में एक मैच होता दिख रहा था, लेकिन यह भी नहीं हो पाएगा। 16 अगस्त से पौलेंड में सिलेसिया डायमंड लीग होनी है। दो बार के ओलंपिक मेडलिस्ट नीरज चोपड़ा ने टूर्नामेंट से नाम वापस ले लिया है।
इस लीग में पाकिस्तान के अरशद नदीम भी उतरने वाले थे। हालांकि वे भी इस टूर्नामेंट में हिस्सा नहीं ले रहे हैं। उन्होंने कॉफ इंजरी के चलते नाम वापस लिया है। पेरिस ओलंपिक 2024 के बाद दोनों के बीच ये पहला मुकाबला होना था।
नदीम ने इंजरी के चलते नाम वापस लिया
पेरिस ओलंपिक में नदीम ने गोल्ड और नीरज ने सिल्वर मेडल जीता था। भारतीय जैवलिन थ्रोअर नीरज ने इससे पहले हुए टोक्यो ओलंपिक 2020 में गोल्ड जीता था। अरशद नदीम की पिछले ही महीने लंदन में राइट कॉफ इंजरी हुई है।
इसके चलते उन्हें सिलेसिया डायमंड लीग से हटना पड़ा है। इस टूर्नामेंट में शामिल होने वाले एथलीट्स की लिस्ट जारी कर दी गई है। इसमें नदीम और नीरज दोनों का ही नाम नहीं है। जर्मनी के जूलियन वेबर और ग्रेनाडा के एंडरसन पीटर्स दोनों इस लीग में उतर रहे हैं।
अगले महीने वर्ल्ड एथलेटिक्स चैम्पियनशिप
नीरज ने हाल ही में नीरज चोपड़ा क्लासिक (NC) टूर्नामेंट जीता था। वे चोटिल नहीं हैं। नीरज सिलेसिया डायमंड लीग क्यों नहीं खेल रहे हैं? इसकी वजह पता नहीं चल सकी है। अगले महीने टोक्यो में वर्ल्ड एथलेटिक्स चैम्पियनशिप होनी है। नीरज और नदीम दोनों इस टूर्नामेंट की तैयारी में जुटे हैं।
सिलेसिया डायमंड लीग 2025 में शामिल एथलीट्स
रोडेरिक जेनकी डीन (जापान)
एंड्रियन मार्दारे (मॉल्डोवा)
सिप्रियन मर्जिग्लोड (पौलेंड)
जूलियन वेबर (जर्मनी)
एंडरसन पीटर्स (ग्रेनाडा)
केशोर्न वाल्कॉट (त्रिनिदाद एंड टोबैगो)
जूलियस येगो (केन्या)

