नामीबिया ने किया बड़ा उलटफेर: डिकॉक, रीजा और फेरेरा के रहते साउथ अफ्रीका को टी20 में हराया; वर्ल्ड चैम्पियन श्रीलंका को भी हरा चुकी
Published: Updated:
2 min read

स्पोर्ट्स डेस्क. मई 2019 से टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में कदम रखने वाली नामीबिया की टीम ने 6 साल में कई बड़ी उपलब्धियां हासिल की हैं। नामीबिया ने बड़ी टीमोें में वर्ल्ड चैम्पियन श्रीलंका को करारी शिकस्त दी। अब साउथ अफ्रीका को भी हराकर बड़ा उलटफेर किया है। बड़ी बात ये भी है कि अफ्रीकी टीम में स्टार प्लेयर क्विंटन डिकॉक, रीजा हेंड्रिक्स और डोनोवन फेरेरा भी शामिल थे।
यह मुकाबला शनिवार (11 अक्टूबर) को नामीबिया की राजधानी विंडहोक में खेला गया। दोनों टीमों के बीच यह एक मैच ही होना था, जिसे मेजबान टीम नामीबिया ने जीत लिया। मुकाबले में अफ्रीकी कप्तान फेरेरा ने टॉस जीतकर पहले बैटिंग का फैसला किया था।
इसके बाद साउथ अफ्रीका ने 8 विकेट पर 134 रन बनाए। जेसन स्मिथ ने 31 रनों की पारी खेली। रुबिन हरमन ने 23 और लॉन-ड्रे प्रीटोरियस ने 22 रन बनाए। डिकॉक (1), रीजा (7) और फेरेरा (4) फ्लॉप रहे। नामीबिया के लिए रूबेन ट्रम्पेलमैन ने 3 और मैक्स हेन्गो ने 2 विकेट लिए।
इस तरह नामीबिया ने मुकाबला जीता
135 रन के टारगेट के जवाब में नामीबिया की शुरुआत बेहद खराब रही थी। टीम ने 28 रन पर 2 विकेट गंवा दिए थे। 101 रन तक आते-आते टीम के 6 खिलाड़ी पवेलियन लौट गए थे। इस दौरान कप्तान गेरहार्ड इरासमुस ने 21, मालन क्रुगर ने 18, लॉरेन स्टीनकैम्प ने 13 और जेजे स्मिथ ने 13 रन बनाकर टीम को थोड़ा सहारा दिया।
हालांकि आखिर में विकेटकीपर बैटर जेन ग्रीन ने 23 बॉल पर नाबाद 30 रन बनाकर टीम को जीत दिलाई। इसमें उनका साथ रूबेन ट्रम्पेलमैन ने दिया, जिन्होंने 8 बॉल पर नाबाद 11 रन बनाए। इस तरह टीम ने 6 विकेट पर 138 रन बनाकर मैच जीत लिया। साउथ अफ्रीका के लिए नांद्रे बर्गर और एंडिले सिमलाने ने 2-2 विकेट लिए।
3 साल पहले श्रीलंकाई टीम को हराया था
टी20 वर्ल्ड कप 2022 में श्रीलंका को ग्रुप स्टेज के एक मैच में 55 रनों से हराया था। उस समय श्रीलंकाई टीम में पथुम निसंका, कुसल मेंडिस, दासुन सनाका और वानिंदु हसारंगा भी थे।

