44 साल के धोनी अगला IPL खेलेंगे: रिपोर्ट्स- श्रीनिवासन के आने से माही ने फैसला बदला, बड़ी उपलब्धि के बाद CSK छोड़ेंगे
Published:
2 min read

US Open के क्वार्टरफाइनल में नोवाक जोकोविच ने टेलर फ्रिट्ज को हराया। धोनी यह मैच देखने पहुंचे थे, जिसके फोटो वायरल हो रहे हैं। (सोशल मीडिया)
स्पोर्ट्स डेस्क। इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के अगले यानी 2026 सीजन में महेंद्र सिंह धोनी खेलेंगे या नहीं? यह सवाल फैन्स के बीच गूंज रहा है। अब एक रिपोर्ट में दावा किया गया है कि 44 साल के धोनी IPL 2026 सीजन में खेलने के लिए तैयार हैं। धोनी बड़ी उपलब्धि के साथ चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) को छोड़ना चाहते हैं।
Revsportz ने दावा किया है कि एन श्रीनिवासन दोबारा CSK फ्रेंचाइजी के चेयरमैन बने हैं। उनके आने से धोनी खुश हैं और उन्होंने अपना संन्यास का फैसला बदल दिया है। धोनी और श्रीनिवासन के बीच बहुत अच्छे रिश्ते हैं।
चेन्नई ने धोनी की कप्तानी में 5 खिताब जीते
धोनी ने अपनी कप्तानी में चेन्नई टीम को 5 बार खिताब जिताए हैं। पिछले साल ऋतुराज गायकवाड़ ने कप्तानी संभाली थी, लेकिन बीच में वे चोटिल हो गए थे। तब धोनी ने फिर कमान संभाली। हालांकि चेन्नई टीम का प्रदर्शन खराब रहा था और वो इतिहास में पहली बार पॉइंट्स टेबल में सबसे निचले पायदान पर रही थी।

ऐसे में धोनी ने विचार बदला और वे चाहते हैं कि अगला IPL सीजन टीम के लिए बेहतर हो। इसके बाद माही चेन्नई टीम को छोड़ेंगे। दरअसल, वो श्रीनिवासन ही थे, जिन्होंने आईपीएल के शुरुआत में धोनी को चेन्नई टीम से जोड़ा था। सट्टेबाजी के आरोप और हितों के टकराव (Conflict of Interest) के कारण 2015 में श्रीनिवासन ने पद छोड़ दिया था।
यूएस ओपन में जोकोविच का मैच देखने पहुंचे धोनी
धोनी इस समय अमेरिका में हैं और क्रिकेट छोड़कर टेनिस को एंजॉय कर रहे हैं। धोनी ग्रैंड स्लैम यूएस ओपन का मुकाबला देखने पहुंचे। टूर्नामेंट के क्वार्टरफाइनल मुकाबले में नोवाक जोकोविच ने टेलर फ्रिट्ज को 6-3, 7-5, 3-6, 6-4 से हराया है। धोनी यह मैच देखने पहुंचे थे, जिसके फोटो और वीडियो भी वायरल हो रहे हैं।

