धोनी की फिल्म 'The Chase' का टीजर रिलीज: टास्क फोर्स ऑफिसर बनकर एक्शन करते दिखे, आर माधवन ने शेयर किया वीडियो
Published:
3 min read

44 साल के महेंद्र सिंह धोनी IPL 2026 सीजन में खेलते नजर आएंगे। (सोशल मीडिया)
क्रिकेट के बाद अब महेंद्र सिंह धोनी नई पारी शुरू करने वाले हैं। भारतीय टीम के पूर्व कप्तान अब फिल्म में नजर आने वाले हैं। फिल्म ‘द चेज’ का टीजर एक्टर आर माधवन ने शेयर किया। वे भी इस फिल्म में धोनी के साथ हैं। धोनी टास्क फोर्स ऑफिसर बनकर एक्शन करते दिखाई दे रहे हैं।
हालांकि यह ‘द चेज’ कोई फिल्म है, वेबसीरीज या फिर कुछ और है। इसका खुलासा अब तक नहीं हुआ है। रिपोर्ट्स में कहा जा रहा है कि यह एक फिल्म है। इसका डायरेक्शन वासन बाला ने किया है। धोनी ने 15 अगस्त 2020 को इंटरनेशनल क्रिकेट से संन्यास लिया था। इसके बाद से धोनी सिर्फ एडवर्टाइजमेंट में ही नजर आते रहे हैं।
एक मिशन, दो फाइटर... सीट बेल्ट लगा लो
वीडियो शेयर करते हुए माधवन ने पोस्ट में लिखा- "एक मिशन, दो फाइटर, सीट बेल्ट लगा लो- एक वाइल्ड और एक्सप्लोसिव चेज शुरू होने वाली है। द चेज- टीजर आउट नाउ।" इसे वसन बाला ने डायरेक्ट किया है। आखिर में ये कहीं नहीं लिखा कि अगर ये फिल्म है तो ये रिलीज कब होगी। सिर्फ कमिंग सून लिखा है।
यूएस ओपन देखने अमेरिका पहुंचे माही
धोनी हाल ही में क्रिकेट छोड़कर टेनिस को एंजॉय करने के लिए अमेरिका पहुंचे। वे ग्रैंड स्लैम यूएस ओपन का मुकाबला देखने पहुंचे। टूर्नामेंट के क्वार्टरफाइनल मुकाबले में नोवाक जोकोविच ने टेलर फ्रिट्ज को 6-3, 7-5, 3-6, 6-4 से हराया था। धोनी यह मैच देखने पहुंचे थे, जिसके फोटो और वीडियो भी वायरल हुए।
अगले IPL 2026 सीजन में खेलेंगे धोनी
एक रिपोर्ट में दावा किया गया है कि 44 साल के धोनी इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के अगले यानी 2026 सीजन में खेलते नजर आएंगे। धोनी बड़ी उपलब्धि के साथ चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) को छोड़ना चाहते हैं।
एन श्रीनिवासन दोबारा CSK फ्रेंचाइजी के चेयरमैन बने हैं। उनके आने से धोनी खुश हैं और उन्होंने अपना संन्यास का फैसला बदल दिया है। धोनी और श्रीनिवासन के बीच बहुत अच्छे रिश्ते हैं।
चेन्नई ने धोनी की कप्तानी में 5 खिताब जीते
धोनी ने अपनी कप्तानी में चेन्नई टीम को 5 बार खिताब जिताए हैं। पिछले साल ऋतुराज गायकवाड़ ने कप्तानी संभाली थी, लेकिन बीच में वे चोटिल हो गए थे। तब धोनी ने फिर कमान संभाली। हालांकि चेन्नई टीम का प्रदर्शन खराब रहा था और वो इतिहास में पहली बार पॉइंट्स टेबल में सबसे निचले पायदान पर रही थी।
ऐसे में धोनी ने विचार बदला और वे चाहते हैं कि अगला IPL सीजन टीम के लिए बेहतर हो। इसके बाद माही चेन्नई टीम को छोड़ेंगे। दरअसल, वो श्रीनिवासन ही थे, जिन्होंने आईपीएल के शुरुआत में धोनी को चेन्नई टीम से जोड़ा था। सट्टेबाजी के आरोप और हितों के टकराव (Conflict of Interest) के कारण 2015 में श्रीनिवासन ने पद छोड़ दिया था।

