धोनी अगला मैच खेल सकते हैं: CSK के कप्तान ऋतुराज का हिंट, कहा- शायद वे आखिरी मैच खेलने आ जाएं
Published: Updated:
3 min read

चेन्नई टीम के पूर्व कप्तान धोनी इस सीजन के ओपनिंग मैच से पहले चोटिल हुए और अब तक मैच के लिए फिट नहीं हो सके। (सोशल मीडिया)
स्पोर्ट्स डेस्क. चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) टीम के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी इस पूरे IPL 2026 सीजन में चोट से जूझते दिखे हैं। टीम को 5 बार खिताब जिताने वाले धोनी ने इस सीजन में एक भी मैच नहीं खेला है। टीम को आखिरी मैच 21 मई को गुजरात टाइटन्स के खिलाफ खेलना है। इससे पहले CSK के कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ ने हिंट दिया है कि धोनी यह आखिरी मैच खेल सकते हैं।
यदि ऐसा हुआ तो 44 साल के धोनी का यह IPL का आखिरी यानी फेयरवेल मैच हो सकता है। धोनी इसी साल 7 जुलाई को 45 साल के हो जाएंगे। धोनी इस सीजन में टीम के साथ भी नहीं थे, लेकिन 13वें मैच में टीम के साथ नजर आए। धोनी ने अब तक IPL में 278 मैच खेले, जिसमें 5439 रन बनाए।
13वें मैच में ऋतुराज ने बयान दिया
चेन्नई टीम ने सोमवार (18 मई) को सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) के खिलाफ अपना सीजन का 13वां मैच खेला, जिसमें 5 विकेट से हार मिली। चेन्नई के मैदान पर टॉस जीतने के बाद ऋतुराज ने कहा कि धोनी मैच खेलने के लिए पूरी तरह फिट नहीं हैं, इस कारण बाहर हैं।
गायकवाड़ ने आगे जानकारी देते हुए धोनी के खेलने को लेकर हिंट दिया। उन्होंने कहा- 'कौन जानता है कि यदि हम यह मैच जीत जाते हैं, तो शायद वे (धोनी) आखिरी मैच खेलने के लिए आ जाएं।' हालांकि चेन्नई टीम यह मैच हार गई है।
प्रैक्टिस में चोट बढ़ गई
पूर्व कप्तान धोनी इस सीजन के ओपनिंग मैच से पहले चोटिल हुए और अब तक मैच के लिए फिट नहीं हो सके। धोनी की मांसपेशियों में खिंचाव था। सीजन के शुरुआत में उम्मीद थी कि वे कुछ हफ्तों में ठीक हो जाएंगे और टीम में वापस आ जाएंगे, लेकिन प्रैक्टिस के दौरान उनकी चोट फिर से बढ़ गई। इस वजह से अब उनका इलाज और सावधानी से किया जा रहा है। रिपोर्ट्स की मानें तो वे फिट हैं, लेकिन मैच खेलने की कंडीशन में नहीं हैं। शायद आखिरी मैच खेल सकते हैं।
मैच में चेन्नई और हैदराबाद की प्लेइंग-11
चेन्नई सुपर किंग्स: संजू सैमसन (विकेटकीपर), ऋतुराज गायकवाड़ (कप्तान), उर्विल पटेल, कार्तिक शर्मा, डेवाल्ड ब्रेविस, शिवम दुबे, प्रशांत वीर, अकील हुसैन, नूर अहमद, अंशुल कंबोज और स्पेंसर जॉनसन।
इम्पैक्ट सब: मुकेश चौधरी, मैथ्यू शॉर्ट, सरफराज खान, अमन खान और गुरजपनीत सिंह।
सनराइजर्स हैदराबाद: अभिषेक शर्मा, ईशान किशन (विकेटकीपर), हेनरिक क्लासेन, सलिल अरोड़ा, स्मरण रविचंद्रन, नीतीश कुमार रेड्डी, पैट कमिंस (कप्तान), शिवांग कुमार, ईशान मलिंगा, साकिब हुसैन और प्रफुल्ल हिंगे।
इम्पैक्ट सब: ट्रेविस हेड, अनिकेत वर्मा, लियाम लिविंगस्टोन, हर्ष दुबे और हर्षल पटेल।

