मोहसिन नकवी का नया ड्रामा: ICC मीटिंग छोड़ सकते हैं; BCCI सेक्रेटरी ने एशिया कप ट्रॉफी सौंपने के लिए दी थी वॉर्निंग
Published: Updated:
3 min read

मोहसिन नकवी पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) के भी चेयरमैन और पाकिस्तानी सरकार में गृह मंत्री भी हैं। (फाइल फोटो)
स्पोर्ट्स डेस्क. एशिया कप 2025 की ट्रॉफी का विवाद है कि थमने का नाम नहीं ले रहा है। चैम्पियन टीम इंडिया को अब तक ट्रॉफी नहीं मिल सकी है। दूसरी ओर एशियन क्रिकेट काउंसिल (ACC) चीफ मोहसिन नकवी ट्रॉफी देने के लिए लगातार आनाकानी कर रहे हैं। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने वॉर्निंग दी थी कि यदि ट्रॉफी नहीं सौंपी गई तो इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) की मीटिंग में यह मुद्दा उठाया जाएगा।
यह मीटिंग चार दिनों तक चलने वाली है, जो मंगलवार (4 नवंबर) से शुरू हो गई है। रिपोर्ट्स की मानें तो नकवी इस मीटिंग से और BCCI अधिकारियों का सामना करने से लगातार बच रहे हैं। वे मीटिंग से बचने के लिए बहानेबाजी कर रहे हैं। नकवी पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) के भी चेयरमैन और पाकिस्तानी सरकार में गृह मंत्री भी हैं।
नकवी ने ट्रॉफी देने के लिए रखी एक शर्त
दरअसल, पूरे मामले की शुरुआत 28 सिंतबर को हुई। इस दिन भारतीय टीम ने फाइनल में पाकिस्तान को हराकर एशिया कप 2025 खिताब जीता था। तब भारतीय टीम मैनेजमेंट और कप्तान सूर्यकुमार यादव ने नकवी के हाथों से ट्रॉफी लेने से इनकार कर दिया था। इसके बाद नकवी ट्रॉफी देने के बजाय अपने साथ ले गए। उन्होंने अधिकारियों को आदेश दिया है कि उनके बगैर पूछे ट्रॉफी को हाथ भी ना लगाया जाए।
हालांकि नकवी ने कहा कि वो ट्रॉफी देने के लिए तैयार हैं, लेकिन इसके लिए एक शर्त रखी है। नकवी ने कहा कि UAE में एक छोटा प्रोग्राम करवाया जाए और उसी दौरान वे अपने हाथों से भारतीय टीम को ट्रॉफी सौंपेंगे। मगर BCCI ने यह उनका यह प्रस्ताव ठुकरा दिया।
BCCI सेक्रेटरी सैकिया ने दी वॉर्निंग
भारतीय बोर्ड के सेक्रेटरी देवजीत सैकिया ने हाल ही में एक बयान जारी कर नकवी को वॉर्निंग दी थी। उन्होंने कहा था कि 3 नवंबर से पहले टीम इंडिया को एशिया कप ट्रॉफी सौंप दी जाए, वरना वे ICC की मीटिंग में इसका मुद्दा उठाएंगे।
यही वजह है कि नकवी ICC की यह मीटिंग छोड़ सकते हैं। सूत्र ने बताया कि यह मीटिंग दुबई में होनी है और नकवी घरेलू राजनीतिक मामलों के चलते यह मीटिंग छोड़ सकते हैं। PCB सूत्र ने यह स्पष्ट नहीं किया कि क्या राजनीतिक मामले हैं।
इस तरह मीटिंग जॉइन कर सकते हैं नकवी
जब से जय शाह ICC चेयरमैन बने हैं, तब से नकवी ने कोई भी आईसीसी मीटिंग जॉइन नहीं की है। सूत्र की मानें तो नकवी की जगह PCB के चीफ ऑपरेटिंग ऑफिसर सुमेर सैयद 7 नवंबर को यह मीटिंग जॉइन करेंगे। हालांकि PCB सूत्र ने भी संकेत दिए हैं कि शायद नकवी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए मीटिंग जॉइन कर सकते हैं।

