दो वर्ल्ड कप खेलने वाले प्लेयर का संन्यास: 5 IPL फाइनल भी खेले, 10 साल टीम इंडिया से बाहर रहे मोहित शर्मा का रिटायरमेंट
Published: Updated:
2 min read

तेज गेंदबाज मोहित शर्मा ने IPL में 3 टीमों के लिए 5 फाइनल खेले। इनमें चेन्नई सुपर किंग्स के लिए 2013, 2015 और 2019 में फाइनल खेले थे।
स्पोर्ट्स डेस्क. भारतीय टीम के तेज गेंदबाज मोहित शर्मा ने क्रिकेट के सभी फॉर्मेट से संन्यास ले लिया है। 37 साल के मोहित ने दो वर्ल्ड कप खेले थे। साथ ही 5 IPL फाइनल भी खेले। उन्हें 10 साल से भारतीय टीम में जगह नहीं मिली थी। ऐसे में उन्होंने बुधवार (3 दिसंबर) को सोशल मीडिया पोस्ट शेयर कर रिटायरमेंट का ऐलान कर दिया है।
मोहित ने 2014 टी20 वर्ल्ड कप और 2015 वनडे वर्ल्ड कप खेला था। उन्होंने अपनी पोस्ट में लिखा- मैं क्रिकेट के सभी फॉर्मेट से संन्यास लेता हूं। हरियाणा टीम में खेलने से भारतीय टीम की जर्सी पहनने और IPL खेलने तक का सफर किसी आशीर्वाद से कम नहीं है।
2013 में किया था इंटरनेशनल डेब्यू
मोहित ने 1 अगस्त 2013 को इंटरनेशनल क्रिकेट में डेब्यू किया था। उन्होंने यह डेब्यू मैच जिम्बाब्वे के खिलाफ बुलावायो वनडे खेला था। इसके बाद 30 मार्च 2014 को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ टी20 डेब्यू किया था।
इस तेज गेंदबाज ने भारतीय टीम के लिए अपना आखिरी मैच 25 अक्टूबर 2015 को खेला था। यह साउथ अफ्रीका के खिलाफ वानखेड़े वनडे था। इसके बाद मोहित को भारतीय टीम में जगह नहीं मिली। हालांकि वे लगातार IPL खेलते रहे। मोहित ने भारतीय टीम के लिए 26 वनडे खेले, जिसमें 31 विकेट लिए। जबकि 8 टी20 में 6 विकेट मिले थे।
3 टीमों के लिए 5 IPL फाइनल खेले
मोहित ने IPL में 3 टीमों के लिए 5 फाइनल खेले। इनमें चेन्नई सुपर किंग्स के लिए 2013, 2015 और 2019 में फाइनल खेले थे। इनके अलावा दिल्ली कैपिटल्स के लिए 2020 और गुजरात टाइटंस के लिए 2023 सीजन का फाइल भी खेला था।
मोहित इन तीन टीमों के अलावा पंजाब किंग्स के लिए 2016 से 2018 तक खेले हैं। उन्होंने कुल 120 IPL मैच खेले, जिसमें 134 विकेट लिए।

