पाकिस्तान की महिला क्रिकेट टीम के कोच बर्खास्त : मो. वसीम का कॉन्ट्रैक्ट रिन्यू नहीं होगा; वुमन्स वर्ल्ड कप के 7 में से 4 मैच हारे, 3 रद्द हुए
Published:
3 min read

वुमन्स वनडे वर्ल्ड कप 2025 का सेमीफाइनल राउंड शुरू होने वाला है। हालांकि, पाकिस्तान टीम अपने मुल्क लौट चुकी है।
स्पोर्ट्स डेस्क. वुमन्स क्रिकेट वर्ल्ड कप 2025 में बेहद खराब परफार्मेंस देने वाली पाकिस्तान की टीम के हेड कोच मोहम्मद वसीम को बर्खास्त कर दिया गया है। हालांकि, पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड यानी PCB ने इस बारे में कोई ऑफिशियल स्टेटमेंट जारी नहीं किया है, लेकिन तमाम लोकल मीडिया रिपोर्ट्स यह दावा किया गया है कि वसीम को तुरंत प्रभाव से हटा दिया गया है। उनका कॉन्ट्रैक्ट भी रिन्यू नहीं किया जाएगा।
वसीम फरवरी 2024 में पाकिस्तान की महिला क्रिकेट टीम के हेड कोच बनाए गए थे। भारत और श्रीलंका में खेले जा रहे महिला वनडे वर्ल्ड कप में पाकिस्तान की टीम कोई मैच नहीं जीत सकी।
अगले हफ्ते नया कोच मिलेगा
पाकिस्तान के टीवी चैनल ‘जियो स्पोर्ट्स’ की रिपोर्ट के मुताबिक- वर्ल्ड कप में पाकिस्तान की टीम का प्रदर्शन इतना खराब रहा है कि बोर्ड अब हेड कोच से जवाब तक नहीं मांगना चाहता। टीम पाकिस्तान लौट चुकी है और अब तक पाकिस्तान बोर्ड ने इस बारे में हेड कोच या कप्तान से कोई बात नहीं की है। हालांकि, हेड कोच मोहम्मद वसीम को लेटर भेजकर बोर्ड के फैसले के बारे में बता दिया गया है। माना जा रहा है कि शुक्रवार या शनिवार तक PCB महिला क्रिकेट टीम के नए कोच का ऐलान कर देगा।

वसीम हर मोर्चे पर फेल
PCB के एक सोर्स ने कहा- वुमन टीम के हेड कोच हर मामले में नाकाम साबित हुए हैं। वो न तो टीम को एकजुट रख पाए और न ही टीम कोई मैच जीत सकी। यहां तक कि बांग्लादेश के खिलाफ भी उसका परफॉर्मेंस बेहद खराब रहा था और उसे हार का सामना करना पड़ा। इससे पहले ये कभी नहीं हुआ। लिहाजा, अब इंतजार करने का कोई मतलब नहीं है। इस सोर्स ने आगे कहा- सपोर्ट स्टाफ हो या टीम सिलेक्शन। हमने हर मामले में वसीम की राय को ही तवज्जो दी। इसके बाद भी नतीजा सिफर रहा।

प्लेयर्स ने भी शिकायत की
इस सोर्स ने आगे कहा- हमने टीम के प्लेयर्स से बातचीत की है। ज्यादातर प्लेयर्स का कहना था कि वसीम हेड कोच जरूर थे, लेकिन उन्होंने कभी प्लेयर्स को ट्रेनिंग ही नहीं दी। वो खुद बैटर रहे हैं, लेकिन प्लेयर्स को टिप्स देने के लिए मैदान पर नहीं आते थे। बॉलिंग और फील्डिंग के बारे में तो बात करना ही बेकार है। टीम में अलग से बॉलिंग और फील्डिंग कोच भी थे, लेकिन वसीम उनसे बातचीत ही नहीं करते थे।
सबसे फिसड्डी साबित हुई पाकिस्तान टीम
वुमन्स वनडे वर्ल्ड कप 2025 का सेमीफाइनल राउंड शुरू होने वाला है। हालांकि, पाकिस्तान टीम अपने मुल्क लौट चुकी है। इस टूर्नामेंट में उसने कुल सात मैच खेले। इनमें से चार हारे और बाकी तीन बारिश के चलते रद्द हो गए। टीम के पास कुल 3 पॉइंट्स थे और वो पॉइंट टेबल में सबसे निचले पायदान पर रही।

